भारी विरोध के बीच नगर निगम का बुलडोजर चला, सुल्तानगंज से मुगल रोड तक दर्जनों टिनशेड ध्वस्त,  जेसीबी से लटका युवक, फिर भी नहीं रुकी कार्रवाई; वाहनों को अवैध रूप से सड़क पर पार्किंग कराने और कैंटीन पर ₹9 हजार जुर्माना

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को नगर निगम टास्क फोर्स ने सुल्तानगंज पुलिया से मुगल रोड होते हुए रश्मि मेडिकेयर अस्पताल तक व्यापक अभियान चलाकर सड़क और फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया। कार्रवाई के दौरान दुकानों के आगे अवैध रूप से निकाले गए दर्जनों टिनशेड, छज्जे और अन्य अस्थायी निर्माणों को जेसीबी मशीन की मदद से ध्वस्त कर दिया गया।
नगर निगम की कार्रवाई शुरू होते ही क्षेत्र के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई व्यापारियों ने कार्रवाई का विरोध भी किया, लेकिन नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्ग और फुटपाथों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विरोध के दौरान एक युवक जेसीबी मशीन पर चढ़कर उससे लटक गया और कार्रवाई रुकवाने का प्रयास किया। हालांकि मौके पर मौजूद टास्क फोर्स और पुलिसकर्मियों ने युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारा, जिसके बाद अभियान पुनः शुरू कर दिया गया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे बने अस्थायी ढांचे, टिनशेड और अतिक्रमणकारी सामग्री को हटाया गया। नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी तथा राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी को देखते हुए यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान रश्मि मेडिकेयर अस्पताल के बाहर अवैध रूप से वाहन पार्किंग संचालित करने और कैंटीन चलाने का मामला भी सामने आया। जांच के बाद संबंधित संचालक हिमांशु सिंघल पर 9 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। निगम अधिकारियों ने उन्हें भविष्य में सार्वजनिक स्थान पर अतिक्रमण और अवैध गतिविधियां न करने की चेतावनी भी दी।
नगर निगम की इस कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और दुकानदार मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सार्वजनिक भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

—- नगर आयुक्त का वर्जन—

“शहर की सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। आम नागरिकों की सुविधा और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। जिन लोगों द्वारा सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा या अतिक्रमण किया जाएगा, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से भी अपील है कि वे स्वयं अतिक्रमण हटाकर शहर को व्यवस्थित और सुंदर बनाने में सहयोग करें।”

— संतोष कुमार वैश्य, नगर आयुक्त

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *