लायर्स कॉलोनी में लगातार गैरहाजिर तीन सफाई मित्रों की सेवा समाप्त करने की संस्तुति

Press Release उत्तर प्रदेश

औचक निरीक्षण में 10 सफाई मित्र मिले गायब, सफाई नायक का वेतन रोकने और मुख्य स्वच्छता निरीक्षक को नोटिस

आगरा। वार्डों में सफाई व्यवस्था को लेकर लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर नगर निगम प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। शनिवार को वार्ड-34 लायर्स कॉलोनी में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में लगातार कई दिनों से ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहे तीन आउटसोर्स सफाई मित्रों की सेवाएं समाप्त करने की संस्तुति की गई है। वहीं, निरीक्षण में गैरहाजिर मिले स्थाई सफाई नायक का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने और मुख्य स्वच्छता निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने की संस्तुति नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य से की गई है।
शनिवार सुबह किए गए निरीक्षण में वार्ड की सफाई व्यवस्था बेहद खराब मिली। यहां सफाई कार्य के लिए 30 आउटसोर्स सफाई मित्र तैनात हैं, लेकिन निरीक्षण के दौरान 10 कर्मचारी ड्यूटी से नदारद मिले। उपस्थिति पंजिका की जांच में इनमें से तीन कर्मचारी ऐसे पाए गए, जो पिछले कई दिनों से लगातार गैरहाजिर चल रहे थे। इनमें विशाल पुत्र राजू, मौनू पुत्र नंदलाल और अमरदीप पुत्र सुभाष शामिल हैं। लगातार अनुपस्थित रहने और इसके चलते सफाई कार्य प्रभावित होने के कारण इन तीनों की सेवाएं समाप्त करने की संस्तुति की गई है।

—- इनका एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति

निरीक्षण के दौरान गैरहाजिर मिले 10 सफाई मित्रों का एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति की गई है। इनमें राजेंद्र पुत्र विशाल, अभिषेक पुत्र रनवीर, दिनेश पुत्र पदम, अमनदीप पुत्र सुभाष, राहुल पुत्र दीपक, जैबिल पुत्र तुलसी, विशाल पुत्र राजू, मौनू पुत्र नंदलाल, रूबी पत्नी आकाश और विशाल पुत्र हरी शामिल हैं।

—- सफाई नायक का वेतन रोकने और मुख्य स्वच्छता निरीक्षक को नोटिस

निरीक्षण में वार्ड की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए तैनात स्थाई सफाई नायक निखिल भी कार्यस्थल पर मौजूद नहीं मिला। उनका वेतन अग्रिम आदेशों तक रोके जाने की संस्तुति की गई है। वहीं, वार्ड में सफाई व्यवस्था अत्यंत निम्न श्रेणी की पाए जाने पर मुख्य स्वच्छता निरीक्षक रमेश चंद सैनी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गये हैं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *