जनगणना की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, सूरसदन में प्रगणकों और सुपरवाइजरों को दिया प्रशिक्षण

Press Release उत्तर प्रदेश

मास्टर ट्रेनर और फील्ड ट्रेनर ने समझाई जनगणना की बारीकियां

आगरा। आगामी जनगणना की तैयारियों को लेकर नगर निगम प्रशासन ने प्रशिक्षण कार्यक्रम तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में शनिवार को सूरसदन में प्रगणकों और सुपरवाइजरों की बैठक आयोजित कर उन्हें जनगणना से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर और फील्ड ट्रेनर ने प्रतिभागियों को जनगणना की प्रक्रिया, कार्यप्रणाली और उनकी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
नगर जनगणना अधिकारी एवं अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसकी सफलता पूरी तरह से मैदानी स्तर पर तैनात प्रगणकों और सुपरवाइजरों की सक्रियता, सजगता और कार्यकुशलता पर निर्भर करती है। इसलिए सभी कार्मिकों को प्रशिक्षण के माध्यम से जनगणना की पूरी प्रक्रिया से भली-भांति परिचित कराया जा रहा है, जिससे कार्य के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई न आए।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर और फील्ड ट्रेनर ने प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को जनगणना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सूचनाओं का संकलन करना, प्रत्येक प्रविष्टि को सावधानीपूर्वक दर्ज करना और उपलब्ध आंकड़ों की शुद्धता बनाए रखना बेहद जरूरी है। साथ ही कार्य के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं और उनके समाधान के बारे में भी समझाया गया।
उन्होंने कहा कि सभी प्रगणक और सुपरवाइजर प्रशिक्षण में बताई गई प्रक्रियाओं का गंभीरता से पालन करें। जनगणना के दौरान प्रत्येक परिवार तक पहुंचना और सही जानकारी एकत्रित करना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी। उन्होंने सभी कार्मिकों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ इस राष्ट्रीय कार्य को संपन्न कराने में सहयोग देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *