जनकपुरी हादसे पर राहुल गांधी का बड़ा बयान— यह दुर्घटना नहीं हत्या है, जवाबदेही से भाग रही सत्ता

National

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी में दिल्ली जल बोर्ड के एक खुले गड्ढे ने एक और घर का चिराग बुझा दिया। इस दर्दनाक हादसे को लेकर कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र और दिल्ली सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। राहुल गांधी ने इस घटना को महज एक ‘दुर्घटना’ मानने से इनकार करते हुए इसे सीधे तौर पर ‘हत्या’ करार दिया है।।

“जवाबदेही से भाग रही है सत्ता”

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने तीखे शब्दों में कहा कि देश में फैली ‘लालच और लापरवाही की महामारी’ ने एक और युवा की जान ले ली। उन्होंने भावुक होते हुए लिखा, “एक बेटा, एक सपना और माता-पिता की पूरी दुनिया एक झटके में उजड़ गई। यह हादसा नहीं, हत्या है और इसकी जिम्मेदार वह सत्ता है जो जवाबदेही से भागती है।”

​देशभर की घटनाओं का दिया हवाला

राहुल गांधी ने केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि देश के अन्य हिस्सों में सिस्टम की नाकामी का भी जिक्र किया। उन्होंने इंदौर में जहरीले पानी से हुई मौतों, नोएडा में इंजीनियर युवराज की जान लेने वाली सड़कों, गिरते पुलों, ट्रेन हादसों और दमघोंटू प्रदूषण का उदाहरण देते हुए पूछा कि आखिर इन सब का जिम्मेदार कौन है? उन्होंने आरोप लगाया कि यहां न तो किसी का इस्तीफा होता है और न ही किसी को सजा मिलती है।

क्या था पूरा मामला?

शुक्रवार सुबह जनकपुरी इलाके में मोटरसाइकिल सवार कमल नाम का युवक दिल्ली जल बोर्ड के एक निर्माण स्थल पर खोदे गए गहरे गड्ढे में गिर गया था। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने जल बोर्ड पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है और इसे एक साजिश का हिस्सा बताया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में भी पुष्टि हुई है कि गड्ढा निर्माण कार्य के लिए खोदा गया था, लेकिन सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *