काजीपाड़ा बिजलीघर क्षेत्र में जलभराव से निपटने की तैयारी, पाइपलाइन शिफ्ट कर बनेगी नई पुलिया

Press Release उत्तर प्रदेश

—– अमर सिंह गेट से झलकारी बाई चौक तक पक्का होगा नाला, नगर आयुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण

आगरा। हाल ही में हुई भारी बारिश के दौरान नाला काजीपाड़ा और बिजलीघर क्षेत्र में उत्पन्न हुए गंभीर जलभराव की समस्या के बाद नगर निगम प्रशासन ने स्थायी समाधान की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। बुधवार को नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने संबंधित अधिकारियों के साथ नाला काजीपाड़ा, नाला मंटोला तथा किले के सामने अमर सिंह गेट से झलकारी बाई चौक तक नालों का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने काजीपाड़ा क्षेत्र में बार-बार होने वाले जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नाला काजीपाड़ा पुलिया के नीचे से गुजर रही जलापूर्ति पाइपलाइन को अन्यत्र शिफ्ट करने और उसके बाद नई पुलिया का निर्माण कराने के निर्देश अभियंताओं को दिए। अधिकारियों ने बताया कि पुलिया के नीचे पाइपलाइन होने के कारण बरसाती पानी की निकासी बाधित होती है, जिससे क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
नगर आयुक्त ने किले के सामने अमर सिंह गेट क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। यहां नाले पर बनी पक्की डाट के कारण सफाई कार्य प्रभावित होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने डाट को तोड़कर नाले की समुचित सफाई कराने के निर्देश दिए। चूंकि यह क्षेत्र पुरातात्विक महत्व का है, इसलिए इस कार्य के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) से अनुमति लेने हेतु तत्काल पत्राचार करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान अमर सिंह गेट से झलकारी बाई चौक तक स्थित कच्चे नाले को पक्का करने का भी निर्णय लिया गया। नगर निगम का मानना है कि नाले के पक्कीकरण से जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और बरसात के समय जलभराव की समस्या में कमी आएगी।
ताजमहल के पश्चिमी गेट क्षेत्र में स्थित अंडरग्राउंड नाले का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर नाले पर अतिरिक्त चैनल और मैनहोल बनाए जाने के लिए पत्राचार करने के निर्देश दिए। क्षेत्रीय अवर अभियंता ने नगर आयुक्त को बताया कि लगभग 90 प्रतिशत नाला कवर होने के बावजूद उस पर केवल दो मैनहोल बनाए गए हैं। पर्याप्त मैनहोल न होने के कारण नियमित सफाई कार्य नहीं हो पाता, जिससे बरसात के दौरान जलभराव और गंदगी की समस्या बढ़ जाती है।
नगर आयुक्त ने कहा कि मानसून को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। जिन स्थानों पर तकनीकी अथवा संरचनात्मक कारणों से जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है, वहां स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा ताकि नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े। नगर आयुक्त ने ग्वालियर रोड पर सौहल्ला का भी निरीक्षण किया। यहां नाला न होने के कारण आसपास के क्षेत्र का पानी पास ही स्थित तालाब में इकट्ठा होता है जो बरसात के समय सड़क पर हर जाता है। इस समस्या के समाधान के लिए नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग को नया नारा बनाकर पास से गुजरने वाले नाले में मिलाने के लिए निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, अवर अभियंता कृष्ण गोपाल, जोनल स्वच्छता अधिकारी आशुतोष वर्मा तथा क्षेत्रीय पार्षद रवि माथुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *