स्वनिधि महाअभियान शुरू, जून भर स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेगा ऋण और योजनाओं का लाभ

Press Release उत्तर प्रदेश

—– डिजिटल भुगतान पर मिलेगा ₹1200 तक कैशबैक
—– पीएम स्वनिधि से जुड़ेंगे हजारों रेहड़ी-पटरी कारोबारी

आगरा। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स को योजना से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद आगरा में एक जून से 30 जून तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा। यह जानकारी परियोजना अधिकारी डूडा शिशिर कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि अभियान को तीन स्तरों पर संचालित किया जा रहा है, ताकि योजना का लाभ जनपद के अधिकाधिक पात्र वेंडर्स तक पहुंच सके। जनपद स्तर पर ‘स्वनिधि महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें योजना से लाभान्वित स्ट्रीट वेंडर्स और उनके परिवारों की सफलता की कहानियां, उपलब्धियां और प्रेरणादायक अनुभव साझा किए जाएंगे। इसके माध्यम से अन्य वेंडर्स को भी योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नगर निकाय स्तर पर ‘लोक कल्याण मेले’ आयोजित होंगे, जहां स्ट्रीट वेंडर्स को पीएम स्वनिधि ऋण, क्रेडिट कार्ड सुविधा, डिजिटल भुगतान संबंधी जानकारी, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की व्यवस्था तथा बैंक अधिकारियों और वेंडर्स के बीच संवाद का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा जनगणना कस्बों में विशेष ‘स्वनिधि कैंप’ लगाए जाएंगे, जहां नए स्ट्रीट वेंडर्स की पहचान कर उनका पंजीकरण कराया जाएगा और उन्हें योजना से लाभान्वित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए कैशबैक प्रोत्साहन राशि में वृद्धि की है। योजना के तहत वेंडर्स को अपनी यूपीआई आईडी डूडा कार्यालय में उपलब्ध करानी होगी, जिसे भारत सरकार के एसआईडीबीआई पोर्टल से लिंक कराया जाएगा। इसके बाद यदि कोई वेंडर प्रतिमाह न्यूनतम 200 डिजिटल लेनदेन करता है तो उसे प्रत्येक माह 100 रुपये तक कैशबैक प्राप्त होगा। इस प्रकार निर्धारित अवधि में वेंडर्स को 1200 रुपये तक का कैशबैक का लाभ मिल सकेगा।
अपर नगर आयुक्त/परियोजना अधिकारी डूडा ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ अब केवल नगर निगम क्षेत्र तक सीमित नहीं है। आगरा जनपद के सभी नगर निकायों, जनगणना कस्बों व अर्ध-शहरी क्षेत्रों में कार्यरत पात्र स्ट्रीट वेंडर्स भी इस विशेष अभियान के दौरान आयोजित शिविरों में भाग लेकर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक स्ट्रीट वेंडर्स जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा), नगर निगम आगरा स्थित कक्ष संख्या-201 में संपर्क कर सकते हैं। यहां जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक के नेतृत्व में विभिन्न बैंकों द्वारा रोस्टरवार कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, जहां आवेदन प्रक्रिया, ऋण पात्रता, डिजिटल भुगतान, क्रेडिट कार्ड सुविधा तथा अन्य आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। परियोजना अधिकारी ने सभी पात्र स्ट्रीट वेंडर्स से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का अधिकतम लाभ उठाएं और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से जुड़कर अपने व्यवसाय को मजबूत बनाने के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *