‘समस्या के बाद नहीं, पहले दिखे तैयारी’: नगर आयुक्त ने बनाई जीरो रेस्पॉन्स रणनीति, 15 जून तक सभी नालों की तलीझाड़ सफाई के निर्देश

Press Release उत्तर प्रदेश

 संतोषजनक कार्ययोजना न देने पर अधिकारियों को फटकार

आगरा। मानसून के दौरान जलभराव और गंदगी की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां और तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने नाला सफाई एवं जलभराव की व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में कहीं भी जलभराव या गंदगी की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके लिए क्विक रेस्पॉन्स टीमों का गठन किया जाए और उनका रेस्पॉन्स टाइम शून्य रखा जाए।
बैठक में नगर आयुक्त ने कहा कि अक्सर यह देखने में आता है कि समस्या पैदा होने के बाद अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय होते हैं, जबकि मौसम के मिजाज को देखते हुए उन्हें चौबीसों घंटे अलर्ट रहना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि रात में बारिश होती है तो संबंधित कर्मचारी अल सुबह से ही मौके पर पहुंचकर जलनिकासी और सफाई कार्य शुरू कर दें।
नगर आयुक्त ने कहा कि जिन नालों और नालियों पर जाल या अन्य अवरोधक लगे हैं, वहां पहले से कर्मचारियों की तैनाती की जाए ताकि कूड़ा-करकट जमा होने से पानी की निकासी बाधित न हो। संबंधित अधिकारियों को ऐसे कर्मचारियों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि शहर के स्थायी जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां पहले से ही मड पंप उपलब्ध करा दिए जाएं, जिससे बारिश के दौरान पानी निकासी में किसी प्रकार की देरी न हो।
समीक्षा के दौरान नगर आयुक्त ने नाला सफाई कार्यों की प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि 15 जून तक शहर के सभी नालों की तलीझाड़ सफाई हर हाल में पूरी कर ली जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी एसएफआई को विस्तृत डे-प्लान तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही कहा गया कि अधिकारियों के औचक निरीक्षण में यदि कहीं लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई तय होगी।

—-नगर स्वास्थ्य अधिकारी को लताड़

बैठक के दौरान नाला सफाई को लेकर संतोषजनक कार्ययोजना प्रस्तुत न कर पाने पर नगर आयुक्त ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा तथा जेडएसओ मुख्यालय जितेन्द्र कुमार को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने दोनों अधिकारियों को नाला सफाई के लिए नई और प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के कारण जहां भी सड़क धंसने आदि की समस्याएं आ रही है वहां हादसे रोकने के लिए बैरीकेडिंग कराई जाए।
बैठक में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, उपनगर आयुक्त डॉ. सरिता सिंह, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव, लेखाधिकारी विपिन यादव सहित सभी जोनल स्वच्छता अधिकारी, एसएफआई एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने पाए और हर शिकायत का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *