मोहल्ला समाधान दिवस में सुनी गई लोगों की समस्याएं,जमा किया टैक्स

Press Release उत्तर प्रदेश

—- शहर के विभिन्न वार्डों में आयोजित मोहल्ला समाधान दिवस में शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
—– 167 फरियादियों ने कराई शिकायत दर्ज, निर्माण और स्वास्थ्य सफाई की सर्वाधिक समस्याएं

आगरा। नगर निगम प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और नागरिक सुविधाओं को उनके घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को विभिन्न जोनों के चयनित वार्डों में मोहल्ला समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक पहुंचे और जलभराव, सफाई, सीवर, स्ट्रीट लाइट, सड़क मरम्मत, अतिक्रमण तथा अन्य जनसमस्याओं से संबंधित शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। कुल 167 लोगों ने अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। इस दौरान छत्ता जोन में 54261 रुपये गृहकर भी जमा कराया गया।
इस दौरान नगर निगम के अधिकारियों ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय सीमा में समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम की मॉनिटरिंग अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, उप नगर आयुक्त डॉ. सरिता सिंह, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण और पशु कल्याण अधिकारी डॉक्टर अजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों द्वारा की गई। इस दौरान हरी पर्वत जोन के वार्ड 44 में 36, वार्ड 95 में छह, छत्ता जोन के वार्ड 68 में चार, वार्ड 67 में पांच और लोहा मंडी जोन के वार्ड 46 में 22, वार्ड 30 में 34 फरियादियों ने अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। इसके अलावा ताजगंज जोन में सर्वाधिक साठ लोगों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सोंटे। यहां के वार्ड 41 में 43 और वार्ड 77 में 17 शिकायत दर्ज कराई गईं । अधिकारियों ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर शिकायतों के निस्तारण की प्रगति का भी जायजा लिया।
नगर निगम द्वारा प्रत्येक शुक्रवार को शहर के सभी जोनों के दो-दो वार्डों में मोहल्ला समाधान दिवस आयोजित किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम मुख्यालय के चक्कर लगाने से बचाना तथा उनके क्षेत्र में ही समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करना है। अधिकारियों ने बताया कि शिविरों में प्राप्त शिकायतों का रिकॉर्ड तैयार कर संबंधित विभागों को भेजा जा रहा है, ताकि उनका शीघ्र निस्तारण कराया जा सके।
—– इन वार्डों में आयोजित हुआ मोहल्ला समाधान दिवस

ताजगंज जोन—- ::वार्ड 41सी यूं बगीची चीलगढ चौराहा, वार्ड 77 सीराज पार्क बैंक कालोनी
छत्ता जोन—:: वार्ड वार्ड 67 गांधी आश्रम, वार्ड 68 कालीबाड़ी आफिस
लोहामंडी जोन—:: वार्ड 30 बी ब्लाक पार्क केदार नगर,वार्ड 46 सी अशोक नगर कमेटी हाल

हरीपर्वत जोन–:: वार्ड 95 सूर्य नगर, वार्ड 44 घटवासन न्यू आगरा पार्क के बाहर

कार्यक्रम के दौरान कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि जटिल मामलों को संबंधित विभागों को सौंपकर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। स्थानीय लोगों ने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे उनकी समस्याओं को सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने और त्वरित समाधान मिलने में सुविधा हो रही है।

::: नगर आयुक्त का वर्जन

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि “मोहल्ला समाधान दिवस का उद्देश्य नगर निगम सेवाओं को जनता के द्वार तक पहुंचाना है। प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण हमारी प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें और नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *