सख्ती से बैरंग लौटे किसान, बसई में नहीं लगने दी सब्जी मंडी

Press Release उत्तर प्रदेश

—– मंडी समिति और नगर निगम द्वारा चलाया गया संयुक्त अभियान

आगरा। बसई क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित सब्जी मंडी के खिलाफ सोमवार को नगर निगम और मंडी समिति ने संयुक्त अभियान चलाकर सड़क किनारे लगने वाली फल एवं सब्जी की फड़ और ठेलों को हटवा दिया। प्रशासन की सख्ती का असर यह रहा कि जनपद के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से अपनी उपज लेकर पहुंचे कई किसानों को बिना सब्जी बेचे ही बैरंग लौटना पड़ा। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही और सड़क किनारे अस्थायी रूप से दुकानें लगाने की कोशिश कर रहे किसानों को भी हटाकर वहां मंडी नहीं लगने दी गई।
बसई क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से सब्जी मंडी संचालित हो रही थी। स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रतिदिन सुबह लगने वाली इस मंडी के कारण क्षेत्र में भारी जाम की स्थिति बन जाती है। सड़कों पर अतिक्रमण, वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग, गंदगी और शोर-शराबे से आसपास रहने वाले हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने कई बार प्रशासन से इस मंडी को हटाकर विधिवत मंडी स्थल पर स्थानांतरित किए जाने की मांग उठाई है।
निवासियों का कहना है कि बसई में अवैध रूप से मंडी लगाने के बजाय किसानों और व्यापारियों को बरौली अहीर अथवा सिकंदरा स्थित अधिकृत मंडी परिसर में स्थान उपलब्ध कराया जाए, जिससे किसानों को भी सुविधाएं मिल सकें और स्थानीय लोगों को भी जाम व अव्यवस्था से राहत मिले।
सोमवार को नगर निगम और मंडी समिति की संयुक्त टीम ने पूरे क्षेत्र में सघन अभियान चलाया। अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया कि किसी भी स्थिति में सड़क किनारे फल एवं सब्जी की फड़, ठेल या अस्थायी मंडी नहीं लगने दी जाएगी। अभियान के दौरान कई किसान सड़क किनारे बैठकर अपनी उपज बेचने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन टीम ने उन्हें भी वहां से हटाकर वैकल्पिक मंडी स्थल पर जाने के निर्देश दिए। कार्रवाई के चलते क्षेत्र में अवैध मंडी का संचालन नहीं हो सका।
प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक सड़कों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, अवैध मंडी या फड़ लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सड़क यातायात को सुचारु बनाए रखने और स्थानीय नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए भविष्य में भी नगर निगम और मंडी समिति द्वारा संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *