नगर निगम की सख्ती से नहीं लग सका बिचपुरी बोधला रोड पर साप्ताहिक बाजार

Press Release उत्तर प्रदेश

strong>—– जाम की शिकायतों पर टास्क फोर्स का पहरा, दिनभर दुकानदारों और निगम कर्मियों में नोकझोंक

आगरा। नगर निगम प्रशासन की सख्ती के चलते शुक्रवार को बिचपुरी बोधला रोड पर लगने वाला साप्ताहिक बाजार इस बार नहीं सज सका। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार के निर्देश पर सुबह से ही नगर निगम की टास्क फोर्स पूरे क्षेत्र में तैनात रही। निगम की सख्ती के कारण बाजार लगाने पहुंचे कारोबारी सड़क किनारे अपनी दुकानें नहीं सजा सके और अधिकांश को बिना कारोबार किए ही लौटना पड़ा।
दरअसल, नगर निगम प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि प्रत्येक शुक्रवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार की वजह से बिचपुरी बोधला रोड पर दिनभर भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है। सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण और दुकानों के फैलाव के कारण वाहन चालकों, स्थानीय निवासियों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होने की शिकायतें सामने आई थीं।
इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम प्रशासन ने इस बार बाजार को सड़क पर नहीं लगने देने का निर्णय लिया। सुबह से ही टास्क फोर्स ने पूरे क्षेत्र में मोर्चा संभाल लिया और किसी भी कारोबारी को सड़क किनारे दुकान लगाने की अनुमति नहीं दी।
कारोबार के लिए पहुंचे कई दुकानदारों ने निगम की कार्रवाई का विरोध भी किया। उनका कहना था कि साप्ताहिक बाजार उनके परिवार की आजीविका का प्रमुख साधन है और अचानक बाजार नहीं लगने देने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। इस दौरान कई बार दुकानदारों और टास्क फोर्स के कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हालांकि, निगम की टीम पूरे दिन मौके पर डटी रही और किसी भी व्यापारी को सड़क पर दुकान लगाने नहीं दी। देर शाम तक टास्क फोर्स की मौजूदगी के कारण साप्ताहिक बाजार पूरी तरह सूना रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार नहीं लगने से सड़क पर यातायात सामान्य बना रहा और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिली। वहीं, व्यापारियों ने नगर निगम से उनके लिए किसी वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था करने की मांग की, ताकि उनका रोजगार प्रभावित न हो।

—- नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन:
“नगर निगम का उद्देश्य किसी के रोजगार को प्रभावित करना नहीं है, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना और आम नागरिकों को जाम व अतिक्रमण से होने वाली परेशानी से राहत दिलाना है। बिचपुरी बोधला रोड पर लगातार जाम की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। सड़क पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि साप्ताहिक बाजार के लिए कोई उपयुक्त वैकल्पिक स्थान उपलब्ध होता है तो नियमानुसार उस पर भी विचार किया जाएगा, लेकिन सार्वजनिक मार्गों को बाधित करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *