नगर निगम की कैटल कैचर टीम पर हमला, चार गौवंश जबरन छुड़ाए

Press Release उत्तर प्रदेश

—- लाठी-डंडों के बल पर पशुपालकों का हंगामा, 16 में से 4 गायें छुड़ाकर ले गए

आगरा। शहर में निराश्रित गोवंश को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान शुक्रवार सुबह नगर निगम की कैटल कैचर टीम पर कुछ पशुपालकों ने हमला कर दिया। लाठी-डंडों से लैस लोगों ने टीम के साथ अभद्रता करते हुए नगर निगम के वाहन में लादी गई चार गायों को जबरन उतार लिया। स्थिति बिगड़ती देख नगर निगम की टीम शेष 12 गौवंश को लेकर मौके से लौट आई। घटना की जानकारी सुपरवाइजर द्वारा नगर निगम अधिकारियों को दी है।
नगर निगम की कैटल कैचर टीम, सुपरवाइजर जगदीश के नेतृत्व में शुक्रवार सुबह कचहरी घाट और गुदड़ी मंसूर खां क्षेत्र में निराश्रित एवं आवारा गोवंश को पकड़ने के अभियान पर निकली थी। टीम ने अभियान के दौरान दोनों क्षेत्रों से कुल 16 आवारा गौवंश को पकड़कर नगर निगम के वाहन में लाद लिया।
इसी दौरान अभियान की सूचना मिलने पर लाठी डंडों से लैस कुछ पशुपालक गुदड़ी मंसूर खां क्षेत्र में पहुंच गए। उन्होंने नगर निगम की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। पशुपालकों ने नगर निगम कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए वाहन में लादी गई चार गायों को जबरन उतार लिया। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम की कैटल कैचर टीम ने किसी तरह स्थिति को संभाला और शेष 12 गौवंश को लेकर वहां से वापस लौट आई। घटना की जानकारी नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है।
इस संबंध में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार का कहना है कि निराश्रित गोवंश को पकड़ने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। वहीं टीम पर हमले और सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई किए जाने पर भी विचार किया जा रहा है। घटना के संबंध में संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की गई है। यदि शिकायत दर्ज कराई जाती है तो हमलावरों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट तथा अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा सकती है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में आवारा गोवंश की समस्या लगातार बढ़ रही है, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे अभियान का विरोध और टीम पर हमला प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *