
आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से अपना जीवित प्रमाण-पत्र तैयार कर ऑनलाइन प्रस्तुत किया जा सकता है।जिन पेंशनरों के जीवित प्रमाण-पत्र की वैधता समाप्त होने वाली है, वे अपना जीवित प्रमाण-पत्र ऑनलाइन प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके लिए पेंशनरों को कोषागार में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने की नहीं है जरूरत
आगरा.12.11.2026. कोषागार से पेंशन पाने वाले पेंशनरों को अब जीवित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने के लिए कोषागार कार्यालय का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा। अब वे घर बैठे ही ऑनलाइन जीवित प्रमाण-पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे।
पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग (DoPPW), भारत सरकार द्वारा राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र (DLC) अभियान दिनांक 01.11.2026 से 30.11.2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इस संबंध में मुख्य सचिव, उ०प्र० शासन के पत्र संख्या-394 / पीएसएमएस / 2026 दिनांक 14.10.2026 द्वारा निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कोषागार से पेंशन पाने वाले पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों से अपील की है कि जिन पेंशनरों के जीवित प्रमाण-पत्र की वैधता समाप्त होने वाली है, वे अपना जीवित प्रमाण-पत्र ऑनलाइन प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके लिए पेंशनरों को कोषागार में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने की जरूरत नहीं है।
मुख्य कोषाधिकारी वरुण खरे ने बताया कि पेंशनर अपने अथवा अपने परिवार के किसी सदस्य के स्मार्टफोन के प्ले स्टोर से सर्वप्रथम AadhaarFaceRD App इंस्टॉल करें। इसके पश्चात जीवन प्रमाण ऐप Jeevan Pramaan App इंस्टॉल कर उसे खोलें। ऐप में मांगी गई जानकारी यथा आधार नम्बर, अपना नाम, पेंशन का प्रकार, पीपीओ व बैंक सम्बन्धित जानकारी दर्ज करने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से अपना जीवित प्रमाण-पत्र तैयार कर ऑनलाइन प्रस्तुत किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि इस डिजिटल सुविधा के माध्यम से पेंशनर घर बैठे अपना जीवित प्रमाण-पत्र कोषागार को ऑनलाइन प्रेषित कर सकते हैं। इससे पेंशनरों को कोषागार कार्यालय आने-जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
तहसील स्तर पर लगेंगे डीएलसी शिविर
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार व्यापक प्रचार प्रसार हेतु जनपद के तहसील स्तर पर निम्न दिनांकों में (DLC) शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जहाँ उपस्थित होकर पेंशनरों का (DLC) ऑनलाइन जीवित प्रमाण-पत्र कोषागार टीम द्वारा ऑनलाइन कराया जायेगा। साथ ही App के माध्यम से जानकारी / प्रशिक्षण दिया जायेगा। शिविर आयोजन स्थल का नाम व समय शिविर आयोजित किये जाने का दिनांक व दिन
1- एत्मादपुर तहसील परिसर / 12 बजे से 4 बजे तक 13.11.2026, शुक्रवार को
2- उप कोषागार बाह, तहसील परिसर / 12 बजे से 4 बजे तक 15.11.2026, रविवार
3-उप कोषागार किरावली, तहसील परिसर / 12 बजे से 4 बजे तक 17.11.2026, मंगलवार
4 -उप कोषागार खेरागढ़, तहसील परिसर / 12 बजे से 4 बजे तक 19.11.2026, गुरुवार
5 -उप कोषागार फतेहाबाद, तहसील परिसर / 12 बजे से 4 बजे तक 21.11.2026, शनिवार
सभी पेंशनरों से अपील की गई है कि वे अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं और अपना डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र समय से जमा करें।


