Agra News: ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर भाजपा की अगुवाई में वीर सैनिकों को किया नमन, हर हाथ में लहराया तिरंगा

स्थानीय समाचार

आगरा। आतंक के खिलाफ भारत की निर्णायक कार्रवाई ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को आगरा छावनी विधानसभा क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। इसमें देशभक्ति, वीरता और गौरव का अद्भुत संगम देखने को मिला। यात्रा जहां-जहां से गुजरी, वहां भारत माता की जय और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारों से गूंज सुनाई पड़ी।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत रमाना ग्रैंड, प्रताप पुरा रोड से हुई, जो नामनेर बाजार, साईं का तकिया होते हुए छीपीटोला पर जाकर संपन्न हुई। यात्रा का शुभारंभ विधायक जीएस धर्मेश, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, बसंत गुप्ता, अरुण पाराशर व राजेश गोयल ने हरी झंडी दिखाकर किया।

विधायक जीएस धर्मेश ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर हमारे वीर सैनिकों की शौर्यगाथा है, जिसने आतंकवाद को पनाह देने वाले पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि निर्दोष पर्यटकों की हत्या का बदला देश के जवानों ने दुश्मन के घर में घुसकर लिया है। भारत पूरी तरह सक्षम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोई भी दुश्मन अब आंख नहीं दिखा सकता। हमारी तीनों सेनाएं हर मोर्चे पर तैयार हैं।

यात्रा में सैकड़ों की संख्या में युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों, व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा, सिर पर देशभक्ति का जुनून और जुबां पर वंदे मातरम्, हर चेहरा राष्ट्र प्रेम से दमक रहा था।

तिरंगा यात्रा में भाजपा नेता अशोक पिपल, रश्मि धाकड़, महेश शर्मा, उपमा गुप्ता, राहुल सागर, राजेश गोयल, दिनेश भारत, सुधीर राठौर, रोहित कत्याल, अशोक चौबे, विवेक लोधी, विजय कुमार, विपिन उपाध्याय, मनीष अग्रवाल, कौशल चौहान, जय सिंह सरदारा, अजय कांत लवानिया और राजेंद्र चाहर के अलावा बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, व्यापार मंडल व सामाजिक संगठन सम्मिलित हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *