जी-20 के मेहमानों के आगमन से पूर्व फुलप्रूफ तैयारियांः दुल्हन की तरह सजाया वीआईपी रोड,मुख्यमंत्री आज नहीं आए

Exclusive उत्तर प्रदेश उत्तराखंड दिल्ली/ NCR स्थानीय समाचार

एल एस बघेल, आगरा, 5 फरवरी। जी-20 के मेहमानों के लिए की गयी तैयारियों का निरीक्षण करने के लिए तथा भूमिगत मेट्रो परियोजना की शुरूआत करने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रविवार को ताजनगरी आने का कार्यक्रम निरस्त हो गया है। वीआईपी रोड तो पहचान में ही नहीं आ रहा है। यहां मंदिर, मस्जिद फूलों से सजाये गये हैं, वहीं सेल्फी प्वाइंट की तो काया ही पलट गयी है। हालांकि मुख्यमंत्री के आगमन का कार्यक्रम निरस्त हो जाने के कारण तैयारियों में लगे अधिकारियों को निराशा हुई।
जी-20 के मेहमानों का आगरा आना  11,12,13 फरवरी को संभावित है। इसके पहले जिला प्रशासन द्वारा पूरी तैयारियां की जा रही हैं। ईदगाह, खेरिया मोड़ , कैंट स्टेशन रोड, प्रतापपुरा आदि चौराहों को सजाया-संवारा गया है। हवाई अड्डे पर भी काफी तैयारियां की गयी हैं। इन सभी तैयारियों को देखने के लिए ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं रविवार को आगरा आ रहे हैं। उनके स्वागत के लिए एयरफोर्स की बाउंड्री से निकलते ही फुटपाथ को पूरी तरह फूलों से सजाया गया है। फुटपाथ को पानी से धोया गया है। गमलों की सजावट तो वहां से निकलने वाले हर व्यक्ति के मन को लुभा रही है। आसपास की दुकानों के बोर्ड नये बनवाये गये हैं। ये सभी एक ही कलर के बनवाये गये हैं। नगर निगम के अधिकारी सफाई व्यवस्था पर पूरी ताकत झौंके हुए हैं।

सेल्फी प्वाइंट की तो काया ही पलट गयी

खेरिया मोड़, वीआईपी रोड स्थित सेल्फी प्वाइंट की तो काया ही पलट गयी है। आई लव इंडिया तथा अशोक चक्र के साथ ही इसको फूलों से सजाया गया है। जिला प्रशासन द्वारा इसको पूरा बनवाया गया है।

धार्मिक स्थलों को फूलों से सजाया

वीआईपी रोड, सराय ख्वाजा में जो धार्मिक स्थल हैं, उनको जिला प्रशासन द्वारा फूलों से सजाया गया है। वैसे तो यह व्यवस्था 11 फरवरी को करनी थी लेकिन आज  फुल प्रूफ रिहर्सल करना था। इसलिए तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। आसपास के लोग भी इस तरह सजावट देखकर काफी खुश हो रहे हैं। सराय ख्वाजा का पथवारी का मंदिर तो पूरी तरह आकर्षक लग रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था पूरी

रविवार को सुबह से ही वीआईपी रोड पर सुरक्षा कर्मी तैनात कर दिए गये हैं। ट्रैफिक की कोई समस्या न हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किये गये हैं। सभी गलियों पर सुबह से ही सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए गये हैं। ठेल-ठकेल वाले तो आज वीआईपी रोड पर खड़े ही नहीं होने दिये गये हैं।

सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान

वीआईपी रोड तथा ईदगाह आदि जगहों पर सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया है। सड़कों पर चूना छिड़क दिया गया है। फुटपाथ धो दिये गये हैं। हालांकि इसमें जनका का सहयोग नहीं मिल पा रहा है। लोग डिवाइडर पर पान, गुटखा खाकर थूक दे रहे हैं। जिससे पेंट करने वालों की मेहनत पर पानी फिरता जा रहा है। नगर निगम ने कुछ लोगों के पान-गुटखा थूकने पर पचास-पचास रुपये के चालान किये हैं लेकिन लोगों पर इससे कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। जनता को भी जिला प्रशासन को सहयोग करना चाहिए।

रोडवेज की बाउंड्री को खूब सजाया

उप्र रोडवेज की बाउंड्री पर किला, ताजमहल तथा अन्य तमाम कलाकृतियां बनाकर सजाया गया है। उससे सामने की दीवार पर भी खिलाड़यों के चित्र बनाये गये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *