
पेरियानईकेनपलायम, कोयंबटूर के शिक्षण संस्थान में मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा का अनावरण ओलंपियन अशोक कुमार ने विगत 30 अप्रैल को किया। यूनाइटेड एजूकेशनल इंस्टीट्यूट द्वारा हाकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा मेजर ध्यानचंद आउटडोर स्टेडियम में लगवाई गयी है। जिसका अनावरण करने के लिये मेजर ध्यानचंद के सुपुत्र एवं ओलंपियन अशोक कुमार को बुलाया गया था। उन्होंने यूनाइटेड एजूकेशनल इंस्टीट्यूट के संस्थापक चेयरमैन ई.एस शणमुगम, डा. एम कैलाशकुमार,सचिव वी अरुण कार्तिकेयन की उपस्थिति में प्रतिमा का अनावरण किया।
29 अगस्त 1905 में जन्मे हाकी के जादूगर दादा ध्यानचंद की ख्याति देश ही नहीं विदेशों में भी बहुत अधिक है। कोयंबटूर में दादा की प्रतिमा लगवाकर संस्थान ने उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की है। मेजर ध्यान चंद के नाम पर समूचे भारत में स्टेडियम आदि संस्थान हैं। सैफई, इटावा में तो स्पोर्ट्स कालेज का नाम ही दादा के नाम पर है। मेजर ध्यानचंद को भारत रत्न देने की मांग कई बार उठी है लेकिन अभी हाकी प्रेमियों की यह मांग मंजूर नहीं हो पायी है। हालांकि हाकी प्रेमियों को उम्मीद है कि एक न एक दिन मेजर ध्यानचंद को भारत रत्न जरूर मिलेगा।


