नवागत नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने संभाला कार्यभार, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर रहेगा फोकस

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। शहर को बेहतर प्रशासन और स्वच्छता की दिशा में नई गति देने के उद्देश्य से नवागत नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने आज अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। वर्ष 2017 बैच के आई ए एस अधिकारी श्री वैश्य इससे पूर्व गाजीपुर में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत थे।
कार्यभार संभालने के बाद नगर आयुक्त ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि शासन द्वारा संचालित सभी प्राथमिकता वाली योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण तरीके से और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करना उनकी जिम्मेदारी होगी। उन्होंने आई जी आर एस से प्राप्त समस्याओं को प्राथमिकता और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर भी बल दिया ।
चार्ज लेने के तुरंत बाद नगर आयुक्त ने नगर निगम कार्यालय का निरीक्षण किया और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ करें, ताकि शहरवासियों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
नगर आयुक्त ने साफ तौर पर कहा कि कार्य में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने टीम वर्क पर जोर देते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे शहर के विकास और स्वच्छता के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *