आज से मिलेगा ‘स्व-गणना’ का मौका, खुद भरें अपनी जनगणना की जानकारी

Press Release उत्तर प्रदेश

—- ऑनलाइन पोर्टल से आसान हुई जनगणना प्रक्रिया, SEID सुरक्षित रखना जरूरी

आगरा । जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत अब नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। उत्तर प्रदेश में ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ चरण के अंतर्गत स्व-गणना की सुविधा 7 मई से 21 मई 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इस अवधि में आमजन घर बैठे स्व-गणना पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपनी आवश्यक जानकारी भर सकते हैं।
यह जानकारी नगर जनगणना अधिकारी एवं अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने देते हुए बताया कि स्व-गणना प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से यह सुविधा शुरू की गई है। इससे नागरिकों को गणनाकर्मी के इंतजार की आवश्यकता नहीं होगी और वे स्वयं अपनी पारिवारिक व आवासीय जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि पोर्टल पर सभी आवश्यक विवरण भरकर सबमिट करने के बाद एक यूनिक SEID (Self Enumeration ID) प्रदान की जाएगी। यह आईडी भविष्य में सत्यापन और अन्य प्रक्रियाओं के लिए महत्वपूर्ण होगी, इसलिए इसे सुरक्षित रखना आवश्यक है। नगर जनगणना अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में स्व-गणना कर समय रहते अपनी जानकारी दर्ज करें, ताकि जनगणना का कार्य सुचारू और सटीक रूप से पूरा किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि यह पहल डिजिटल इंडिया की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे पारदर्शिता और डेटा की शुद्धता सुनिश्चित होगी। नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए हुए उन्होंने कहा है कि सभी लोग निर्धारित अवधि के भीतर अपनी जानकारी अवश्य भरें, जिससे जनगणना 2027 का प्रथम चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *