आगरा। नगर निगम प्रशासन ने सोमवार को शहर के अत्यधिक व्यस्त एसएन मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी से मोती कटरा रोड तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क की दोनों ओर लगे दर्जनों ठेल-धकेल, अस्थायी खोखे तथा दुकानों के आगे अवैध रूप से लगाए गए काउंटर हटवाए गए। कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा सड़क घेरने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इस मार्ग पर लंबे समय से सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था। एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी होने के कारण यहां एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों की आवाजाही भी बाधित होती थी। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने लगातार इस समस्या की शिकायत नगर निगम प्रशासन से की थी, जिसके बाद अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने हेल्प आगरा के सामने वाहनों की अवैध पार्किंग मिलने पर संबंधित संस्था पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। वहीं सड़क पर गंदगी फैलाने और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने पर एक छोले-भटूरे के दुकानदार से 2 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
अभियान के दौरान कुछ दुकानदारों ने स्वयं ही अपने काउंटर और सामान हटा लिया, जबकि कई स्थानों पर नगर निगम कर्मचारियों ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि शहर की प्रमुख सड़कों और बाजारों में अतिक्रमण तथा अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। सड़क पर अतिक्रमण करने, गंदगी फैलाने और यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों के विरुद्ध जुर्माना लगाने के साथ-साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों को जाम की समस्या से राहत दिलाना और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।
एसएन मेडिकल कॉलेज से मोती कटरा रोड तक चला नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान, दर्जनों ठेल-खोखे हटाए
—– अवैध पार्किंग पर ₹5 हजार, गंदगी फैलाने पर ₹2 हजार का जुर्माना; जाम से राहत दिलाने को सख्त कार्रवाई


