ठेका शर्तों की अनदेखी पर नगर निगम सख्त, दो पार्किंग संचालकों पर एक लाख का जुर्माना

Press Release उत्तर प्रदेश

—– औचक निरीक्षण के दौरान रेट लिस्ट बोर्ड थे गायब, पुरानी रसीद से खड़ी कराई जा रहीं थीं गाडियां
—- बिना आई कार्ड और ड्रेस तैनात थे कर्मचारी, दोबारा लापरवाही पर अनुबंध निरस्त करने की चेतावनी

आगरा। नगर निगम प्रशासन ने शहर में संचालित पार्किंग स्थलों पर ठेका शर्तों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो पार्किंग एजेंसियों पर कुल एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में अनुबंध की शर्तों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित पार्किंग का अनुबंध निरस्त कर दिया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि शहर की विभिन्न पार्किंगों पर निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। वाहन चालकों से मनमाने तरीके से शुल्क वसूला जा रहा है तथा पार्किंग संचालन में अनुबंध की शर्तों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। इन शिकायतों के मद्देनजर सोमवार को अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम के साथ भगवान टॉकीज एवं रामबाग फ्लाईओवर के नीचे संचालित पार्किंग स्थलों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान भगवान टॉकीज स्थित बांके बिहारी पार्किंग पर कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। मौके पर कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं मिला। पार्किंग स्थल पर पुरानी रेट लिस्ट का बोर्ड लगा हुआ था तथा वाहन चालकों को पुरानी तिथि की पार्किंग स्लिप जारी की जा रही थीं। अधिकारियों ने इसे अनुबंध की शर्तों का स्पष्ट उल्लंघन माना।
इसके बाद टीम ने रामबाग चौराहे के आसपास गौरी कृष्णा के नाम से संचालित 10 पार्किंग प्वाइंटों का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि इनमें से सात पार्किंग स्थलों पर ठेकेदार द्वारा अनुबंध की शर्तों का गंभीर उल्लंघन किया जा रहा था। सात में से केवल दो पार्किंग स्थलों पर ही रेट लिस्ट प्रदर्शित थी। अधिकांश कर्मचारियों के पास पहचान पत्र (आई-कार्ड) नहीं थे और न ही वे निर्धारित ड्रेस में कार्य करते मिले। इससे पार्किंग व्यवस्था की निगरानी और पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े हुए।निरीक्षण में सामने आई अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम प्रशासन ने बांके बिहारी पार्किंग और गौरी कृष्णा पार्किंग संचालकों पर 50-50 हजार रुपये, कुल एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया। अधिकारियों ने दोनों संचालकों को निर्देश दिए कि सभी पार्किंग स्थलों पर तत्काल नई रेट लिस्ट प्रदर्शित की जाए, कर्मचारियों को निर्धारित वर्दी एवं आई-कार्ड उपलब्ध कराए जाएं तथा वैध पार्किंग स्लिप ही जारी की जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में दोबारा किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
—– नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन

“नगर निगम शहर की सभी पार्किंगों का नियमित निरीक्षण कर रहा है। किसी भी पार्किंग संचालक को अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करने या वाहन चालकों से मनमानी करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जहां भी अनियमितताएं मिलेंगी, वहां जुर्माना लगाने के साथ-साथ आवश्यकता पड़ने पर अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। पार्किंग व्यवस्था में पारदर्शिता और नागरिकों की सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *