—— रेड लाइट पर अब नहीं झुलसेंगे लोग, तीन माह तक प्रमुख स्थानों पर रहेंगे अस्थायी शेड
आगरा। लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के चलते आमजन को हो रही परेशानियों को देखते हुए नगर निगम ने राहत भरा कदम उठाया है। शहर में घरों से बाहर निकलने वाले लोगों, विशेषकर तिराहों और चौराहों पर रेड लाइट के दौरान खड़े रहने वाले राहगीरों को गर्मी से बचाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा प्रमुख स्थानों पर ग्रीन नेट के अस्थायी शेड लगाए जाएंगे।
इस योजना के तहत नगर निगम ने तीन माह की अवधि के लिए शेड लगाने हेतु निविदाएं आमंत्रित कर ली हैं, जो 29 अप्रैल को खोली जाएंगी। इसके बाद चयनित एजेंसी द्वारा निर्धारित स्थानों पर कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
नगर निगम द्वारा जिन प्रमुख स्थानों का चयन किया गया है, उनमें सूरसदन तिराहा, हरीपर्वत चौराहा, साईं की तकिया चौराहा और प्रतापपुरा/अवंतीबाई चौराहा शामिल हैं। इन व्यस्त चौराहों पर दिनभर भारी यातायात रहता है, जिससे रेड लाइट के दौरान लोगों को तेज धूप और लू का सामना करना पड़ता है। ग्रीन नेट शेड लगने से उन्हें काफी राहत मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा नरायच स्थित कान्हा गौशाला परिसर में भी तीन अलग-अलग स्थानों—कैटल शेल्टर के बाईं और दाईं ओर तथा भूसा घर के दाईं ओरअस्थायी शेड लगाए जाएंगे। इससे वहां मौजूद पशुओं को भी भीषण गर्मी से बचाव मिल सकेगा।
कार्यवाहक मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव के अनुसार, योजना का उद्देश्य आमजन और पशुओं दोनों को भीषण गर्मी से राहत प्रदान करना है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
नगर आयुक्त का वर्जन:
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए शहरवासियों को राहत देना नगर निगम की प्राथमिकता है। प्रमुख चौराहों और तिराहों पर ग्रीन नेट शेड लगाए जाने से लोगों को रेड लाइट के दौरान धूप से बचाव मिलेगा। साथ ही, कान्हा गौशाला में भी पशुओं के लिए शेड की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्य को गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण कराया जाए।


