जनगणना प्रशिक्षण से गायब रहने वाले प्रगणकों पर गिरेगी गाज, दर्ज होगी एफआईआर

Press Release उत्तर प्रदेश

—– लापरवाह सुपरवाइजरों और प्रगणकों के खिलाफ जनगणना एक्ट में कार्रवाई के निर्देश

आगरा | जनगणना-2027 के कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। नगर जनगणना अधिकारी व अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने स्पष्ट किया है कि प्रशिक्षण सत्रों से अनुपस्थित रहने वाले प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के विरुद्ध जनगणना अधिनियम 1948 के तहत दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।

प्रशिक्षण में भारी अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी—-

वर्तमान में जनगणना के प्रथम चरण—मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए चार्ज स्तर पर नियुक्त कर्मचारियों का प्रशिक्षण चल रहा है। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि बड़ी संख्या में प्रगणक और पर्यवेक्षक प्रशिक्षण सत्रों में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। अपर नगर आयुक्त ने इसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य के प्रति घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता माना है। उनका कहना है कि यदि कर्मचारी प्रशिक्षण में शामिल नहीं होते हैं, तो भविष्य में दोबारा सत्र आयोजित करने पड़ेंगे। इससे न केवल सरकारी धन का अपव्यय होगा, बल्कि जनगणना की समय सीमा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने आगरा के समस्त चार्ज अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने स्तर पर नामित प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। जो कर्मचारी बिना किसी ठोस कारण के अनुपस्थित पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध तत्काल कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *