—– औचक कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप, फुटपाथ खाली कराने की सख्त चेतावनी
आगरा। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन ने आज मउ रोड पर व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान दुकानों के बाहर अवैध रूप से लगाए गए दर्जनों टिन शेड को बुलडोजर की सहायता से ध्वस्त कर दिया गया।
अभियान के तहत निगम की टीम ने फुटपाथ और नालियों पर कब्जा कर बनाए गए काउंटर, अस्थायी ढांचे और अन्य सामान को भी जब्त कर लिया। अचानक की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र के दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कई लोग अपने-अपने सामान को हटाने में जुट गए।
कार्रवाई का नेतृत्व अवर अभियंता मुकेश कुमार द्वारा किया गया, जिनके निर्देशन में निगम की टीम ने सख्ती के साथ पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क और फुटपाथ आम जनता के लिए हैं, उन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर निगम अधिकारियों ने मौके पर मौजूद दुकानदारों को भविष्य में फुटपाथ पर अतिक्रमण न करने की कड़ी चेतावनी भी दी। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो और भी सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। निगम प्रशासन का कहना है कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


