
मानस नगर के गड्ढे वाले पार्क की बदल रही रंगत ,9.90 लाख की लागत से ओपन जिम और सौंदर्यीकरण कार्य शुरू
आगरा। वार्ड 54 स्थित मानस नगर जयपुर हाउस का वह पार्क, जो लंबे समय से गड्ढों और अव्यवस्था के कारण उपेक्षा का प्रतीक बना हुआ था, अब पूरी तरह बदलने जा रहा है। नगर निगम ने इस पार्क के व्यापक सौंदर्यीकरण के लिए 9.90 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। वर्षों से जर्जर स्थिति में पड़े इस पार्क को नए रूप में विकसित करने की तैयारी जोरशोर से चल रही है।
पार्क में स्थापित किया जा रहा ओपन जिम लगभग तैयार हो चुका है। बच्चों और युवाओं के लिए लगाए गए आधुनिक फिटनेस उपकरण पार्क की रौनक बढ़ा रहे हैं। वहीं पार्क के बाहर साइट पटरी का निर्माण कार्य तेज गति से प्रगति पर है, जिससे पार्क पहुंचना और आसपास का आवागमन व्यवस्थित हो सकेगा।
यह प्रस्ताव क्षेत्रीय पार्षद रेनू गुप्ता द्वारा नगर निगम को भेजा गया था, जिसे नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने तत्काल स्वीकृति देते हुए कार्य शुरू कराने के आदेश दिए थे। सौंदर्यीकरण के बाद पार्क न सिर्फ स्थानीय बच्चों के लिए मनोरंजन का केंद्र बनेगा बल्कि क्षेत्र के युवाओं और बुजुर्गों को भी सुबह-शाम व्यायाम का बेहतर स्थान मिलेगा। ओपन जिम और हरियाली के साथ पार्क फिर से अपनी पुरानी रौनक हासिल करेगा, जहां बच्चे अठखेलियां करते दिखाई देंगे और लोग फिटनेस के लिए जुटेंगे।
—नगर आयुक्त का वर्जन
“मानस नगर पार्क का सौंदर्यीकरण हमारी प्राथमिकता में है। नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और उपयोगी सार्वजनिक स्थान उपलब्ध कराना नगर निगम की जिम्मेदारी है। ओपन जिम और अन्य विकास कार्य पूरा होने के बाद यह पार्क क्षेत्रवासियों के लिए एक आदर्श मनोरंजन स्थल बनेगा।”
