
—- स्ट्रीट लाइट पोल होंगे अधिक सुरक्षित, प्लास्टिक पाइप और करंटरोधी पेंट से होगी सुरक्षा
आगरा। बरसात के मौसम में करंट से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए नगर निगम ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया है। शुक्रवार को नगर निगम कार्यकारिणी सभागार में विद्युत संरक्षा को लेकर नगर निगम और टोरंट पावर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में बारिश के मौसम, सावन मास, शहर परिक्रमा और शिव मंदिरों पर आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान विद्युत हादसों की रोकथाम के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने की रणनीति तैयार की गई।
बैठक की अध्यक्षता मुख्य अभियंता (विद्युत एवं यांत्रिक) अजय कुमार राम ने की। उन्होंने कहा कि अधिकांश विद्युत हादसे छोटी-छोटी लापरवाहियों के कारण होते हैं। कार्य के दौरान विद्युत प्वाइंटों को खुला छोड़ देना, उचित टेपिंग न करना तथा एमएसबी (मेन स्विच बोर्ड) में तकनीकी कमियां गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बनती हैं। ऐसे में नगर निगम और टोरंट पावर के कर्मचारियों को प्रत्येक कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करना होगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि सावन के दौरान शहर परिक्रमा मार्ग, प्रमुख शिव मंदिरों और धार्मिक आयोजनों वाले क्षेत्रों में यदि कहीं भी विद्युत संबंधी कोई खतरा या शिकायत मिलती है तो दोनों विभाग तत्काल आपसी समन्वय स्थापित कर उसका निस्तारण करें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न होने पाए।
बैठक में बताया गया कि नगर निगम द्वारा शहर के सभी स्ट्रीट लाइट पोलों को सुरक्षित बनाने का अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अधिकांश पोलों पर प्लास्टिक सुरक्षा पाइप चढ़ाए जा चुके हैं। वहीं पोल के प्लेटफॉर्म पर करंटरोधी (इंसुलेटिंग) पेंट कराने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण फिलहाल पेंट का कार्य शुरू नहीं किया जा सका है, क्योंकि इसके लिए धूप और शुष्क मौसम आवश्यक है। मौसम सामान्य होते ही यह कार्य तेजी से पूरा कराया जाएगा।
बैठक के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से उन तकनीकी कमियों को भी विस्तार से दिखाया गया, जो देखने में छोटी लगती हैं लेकिन समय रहते उन्हें दूर न किया जाए तो बड़े विद्युत हादसों का कारण बन सकती हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को इन कमियों की पहचान कर तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य अभियंता ने आम नागरिकों से भी बरसात के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान विद्युत पोलों, एमएसबी बॉक्स और अन्य विद्युत उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। किसी भी पोल में करंट की आशंका होने पर उसके पास न जाएं और तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें। साथ ही लोगों से अपने पालतू पशुओं को विद्युत पोलों से न बांधने की भी अपील की गई, ताकि किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि से बचा जा सके।
बैठक में नगर निगम और टोरंट पावर के अधिकारियों ने विद्युत सुरक्षा को लेकर बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया तथा स्पष्ट किया कि बरसात और सावन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी, जिससे श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।


