शहर परिक्रमा मार्ग पर रोशनी का रहेगा खास इंतजाम, नगर निगम लगाएगा 300 अस्थाई लाइटें

Press Release उत्तर प्रदेश

—– वनखंडी के जंगल से लेकर प्रमुख शिवालयों तक जगमगाएगा परिक्रमा मार्ग, वनखंडी क्षेत्र में दो जनरेटरों से होगी बिजली आपूर्ति

आगरा। सावन के दूसरे सोमवार को निकलने वाली शहर परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम प्रशासन ने परिक्रमा मार्ग पर व्यापक प्रकाश व्यवस्था करने की तैयारी पूरी कर ली है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा पूरे परिक्रमा मार्ग पर करीब 300 अस्थाई लाइटें लगाई जा रही हैं। सभी लाइटें रविवार शाम तक चालू कर दी जाएंगी, ताकि देर रात और तड़के सुबह भी परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को पर्याप्त रोशनी मिल सके।
मुख्य अभियंता (विद्युत एवं यांत्रिक) अजय कुमार राम ने बताया कि सबसे अधिक चुनौतीपूर्ण व्यवस्था वनखंडी क्षेत्र में की जा रही है। यहां लगभग दो किलोमीटर लंबा कच्चा परिक्रमा मार्ग जंगल से होकर गुजरता है, जहां विद्युत लाइन उपलब्ध नहीं है। इस कारण इस पूरे मार्ग पर बल्लियों के सहारे करीब 100 अस्थाई लाइटें लगाई जा रही हैं। इन लाइटों को निर्बाध रूप से संचालित करने के लिए 25-25 केवीए क्षमता के दो जनरेटर लगाए जाएंगे, जिससे पूरी रात प्रकाश व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
उन्होंने बताया कि वनखंडी के अलावा श्रद्धालुओं की अधिक आवाजाही वाले बल्केश्वर महादेव मंदिर और पार्वती घाट क्षेत्र में भी लगभग 100 अस्थाई लाइटें लगाई जाएंगी। वहीं रावली महादेव मंदिर परिसर और आसपास के मार्ग पर करीब 75 अस्थाई लाइटों की व्यवस्था की जा रही है। इसके अतिरिक्त आवश्यकतानुसार अन्य स्थानों पर भी प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि परिक्रमा मार्ग का कोई भी हिस्सा अंधेरे में न रहे।
नगर निगम की विद्युत एवं यांत्रिक शाखा की टीमें शनिवार और रविवार को लगातार व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी रहेंगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी लाइटों, केबलों और जनरेटरों का परीक्षण समय रहते पूरा कर लिया जाए, जिससे परिक्रमा के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न न हो।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि प्रकाश व्यवस्था के साथ-साथ सफाई, पेयजल, मोबाइल शौचालय, बैरिकेडिंग और पैच वर्क आदि समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

—– नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन :

“सावन की शहर परिक्रमा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। परिक्रमा मार्ग के प्रत्येक संवेदनशील और अंधेरे वाले स्थान पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि रविवार शाम तक सभी व्यवस्थाएं पूरी कर लें तथा परिक्रमा के दौरान पूरी रात टीमें मौके पर तैनात रहकर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *