सीएम-ग्रिड : कार्यों में लापरवाही और अपेक्षित प्रगति न होने पर ब्लैक लिस्ट होगी कार्यदाई संस्था

Press Release उत्तर प्रदेश

—समीक्षा बैठक में काम की धीमी गति पर जताई नाराजगी
—- शहर में चार स्थानों पर चल रहा है काम

आगरा। सीएम-ग्रिड योजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की निगम परिसर में आयोजित समीक्षा बैठक में कार्यों की अत्यंत धीमी प्रगति और गुणवत्ता को लेकर नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि कार्य प्रारंभ हुए काफी समय बीत जाने के बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी है, जिसे अत्यंत असंतोषजनक माना गया।
बैठक में संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए गए कि तत्काल प्रभाव से प्रत्येक कार्यस्थल पर पर्याप्त संख्या में श्रमिक, इंजीनियरिंग स्टाफ, सुपरवाइजर, वाहन, मशीनरी और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। अतिरिक्त संसाधन लगाकर अब तक हुई समय-हानि की भरपाई करते हुए निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराया जाए।
समीक्षा के दौरान स्पष्ट किया गया कि यदि कार्यों की गति में तत्काल सुधार नहीं हुआ और गुणवत्ता सुनिश्चित नहीं की गई तो अनुबंध की शर्तों के अनुसार विलंब दंड, अनुबंध निरस्तीकरण, ब्लैकलिस्टिंग की संस्तुति तथा अन्य विधिक एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित कार्यदायी संस्था को तत्काल कड़ा नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
नगर आयुक्त द्वारा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करें और आगामी समीक्षा बैठक तक कार्यों की प्रगति निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सुनिश्चित करें। साथ ही प्रत्येक कार्यस्थल की दैनिक प्रगति रिपोर्ट, फोटोग्राफ, वीडियो और लोकेशन सहित विस्तृत विवरण संधारित कर प्रस्तुत किया जाए।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि सभी निर्माण कार्य स्वीकृत मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं। प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता की जांच अधिकृत प्रयोगशालाओं से कराई जाए तथा गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अभियंता और कार्यदायी संस्था की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी।
जनसुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी कार्यस्थलों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टिव टेप, साइन बोर्ड तथा रात्रि में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जहां निर्माण कार्यों से यातायात प्रभावित हो रहा है, वहां यातायात पुलिस के समन्वय से सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया। साथ ही धूल नियंत्रण, नियमित पानी का छिड़काव, मलबा निस्तारण और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
स्पष्ट किया गया कि सीएम-ग्रिड योजना शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्राथमिकता वाली परियोजना है। इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही, विलंब, गुणवत्ता में कमी या अनुबंधीय शर्तों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे नियमित अनुश्रवण करते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें तथा सात दिनों के भीतर की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

इन स्थानों पर चल रहा है कार्य —-

टेढ़ी बगिया से कालिंदी विहार ,बसई मंडी से इंद्रा पुरम चौराहा, सुभाष पार्क से कोठी मीना बाजार एवं कोठी मीना बाजार से मारुति स्टेट चौराहे तक और इन्द्रा पुरम चौराहे से अमर होटल मार्ग तक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *