आगरा को हर हाल में बनाना है नंबर वन” : सिटीजन फीडबैक में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

Press Release उत्तर प्रदेश

 सिटीजन फीडबैक को लेकर नगर आयुक्त ने की समीक्षा बैठक
 मॉल, स्कूल और बाजारों में लगेंगी कैनोपी-स्टैंडी, डोर टू डोर वाहनों से होगी फीडबैक की अपील

आगरा। स्वच्छ सर्वेक्षण में ताजनगरी को देश में नंबर वन बनाने के उद्देश्य से नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने सिटीजन फीडबैक अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए हैं। समीक्षा बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि सभी कर्मचारी लक्ष्य निर्धारित कर अधिक से अधिक नागरिकों से सिटीजन फीडबैक कराएं। साथ ही चेतावनी दी गई कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों जैसे शॉपिंग मॉल, स्कूल, कॉलेज, होटल, बाजार और व्यस्त चौराहों पर कैनोपी एवं स्टैंडी लगाकर लोगों को स्वच्छ सर्वेक्षण के प्रति जागरूक किया जाए तथा मौके पर ही सिटीजन फीडबैक कराया जाए। नगर निगम का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करना है ताकि शहर की स्वच्छता रैंकिंग में सुधार हो सके।
अधिकारियों ने कहा कि डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाले वाहनों का भी प्रभावी उपयोग किया जाए। वाहनों पर बजने वाली जिंगल बेल के स्थान पर अब नागरिकों से सिटीजन फीडबैक देने की अपील प्रसारित कराई जाएगी, जिससे मोहल्लों और कॉलोनियों में लोगों तक सीधे संदेश पहुंचे और वे अभियान से जुड़ सकें।
बैठक के दौरान सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम को निर्देश दिए गए कि वे प्रतिदिन शाम को फीडबैक अभियान की समीक्षा करें और जोनवार प्रगति रिपोर्ट तैयार कराएं। कहा गया कि प्रत्येक वार्ड में अभियान की मॉनिटरिंग प्रभावी ढंग से की जाए तथा लक्ष्य के अनुरूप परिणाम सुनिश्चित किए जाएं।
अधिकारियों ने कहा कि आगरा को स्वच्छता के क्षेत्र में नंबर वन बनाने का सपना जनसहयोग के बिना पूरा नहीं हो सकता। इसलिए शहरवासियों को अभियान से जोड़ने के लिए जागरूकता गतिविधियां लगातार चलाने पर जोर दिया गया। बैठक में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा, सभी जोनल अधिकारी, जेडएसओ एवं एसएफआई मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *