—— मिशन हरियाली को मिली नई उड़ान, महापौर से लेकर पार्षद और नगर निगम कर्मियों ने किया शहरव्यापी पौधारोपण
आगरा। शासन के निर्देश पर संचालित मिशन हरियाली के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रविवार को आगरा नगर निगम द्वारा शहरभर में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नगर निगम ने 138 स्थानों पर कुल 2 लाख 74 हजार 600 पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण और हरित आगरा के संकल्प को नई मजबूती प्रदान की।
अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और जनसामान्य ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने ताजगंज स्थित मोक्षधाम में पीपल और बरगद के पौधे लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण देने का संकल्प है। उन्होंने लोगों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की भी अपील की।
वहीं नगर आयुक्त ने अपने कैंप कार्यालय तथा शास्त्रीपुरम डी ब्लॉक में पौधारोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और अधिक से अधिक पौधे लगाकर तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करके ही हरित भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।
अभियान के तहत नगर निगम के सभी 100 पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में पौधारोपण किया। इसके साथ ही नगर निगम के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी अपने-अपने दो-दो जोनों में पौधे लगाकर अभियान को सफल बनाया।
नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न पार्कों, सड़क किनारों, सार्वजनिक स्थलों, संस्थानों और अन्य चिन्हित स्थानों पर छायादार एवं पर्यावरण के लिए उपयोगी प्रजातियों के पौधे लगाए गए। अभियान का उद्देश्य शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाना, पर्यावरण संतुलन बनाए रखना तथा नागरिकों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित निगरानी और संरक्षण की भी व्यवस्था की गई है, ताकि अधिक से अधिक पौधे विकसित होकर शहर की हरियाली को बढ़ा सकें। उपनगर आयुक्त डॉ सरिता सिंह ने बताया कि एक पेड़ मां के नाम’ महाअभियान 12 जुलाई के माध्यम से नगर निगम ने नागरिकों से भी अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया। पूरे शहर में चले इस महाअभियान ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों की सहभागिता और जागरूकता का सकारात्मक संदेश दिया।


