गंगा देवी की तलाश में नगर निगम ने 40 और गोताखोर नाले में उतारे

Press Release उत्तर प्रदेश

——– महापौर और नगर आयुक्त ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, परिजनों को दिया हरसंभव मदद का भरोसा

आगरा। सुभाष मार्केट हादसे में नाले में गिरी महिला गंगा देवी की तलाश के लिए नगर निगम का सर्च अभियान रविवार को भी जारी रहा। प्रशासन ने अभियान को और तेज करते हुए हादसा स्थल से लेकर झलकारी बाई चौक तक नाले में 40 अतिरिक्त निजी गोताखोरों को उतारा। देर शाम तक गोताखोर नगर निगम की टीम और पीड़ित परिजनों की मौजूदगी में नाले के विभिन्न हिस्सों में गहन तलाशी अभियान चलाते रहे, लेकिन समाचार लिखे जाने तक गंगा देवी का कोई सुराग नहीं मिल सका।
नगर निगम ने सर्च ऑपरेशन को व्यापक स्वरूप देते हुए झलकारी बाई चौक के आसपास लगभग 50 कर्मचारियों की अलग टीम भी तैनात की है। यह टीम नाले के किनारों, जालियों और संभावित स्थानों पर लगातार निगरानी रखते हुए गोताखोरों की मदद कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जब तक गंगा देवी का पता नहीं चल जाता, तब तक अभियान बिना रुके जारी रहेगा।
रविवार को नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य और महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सर्च ऑपरेशन की प्रगति की जानकारी ली और अभियान में लगी टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि खोज अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग कर महिला की तलाश सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के बाद महापौर ने अंबेडकर पार्क में बैठे पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि नगर निगम प्रशासन गंगा देवी की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है और जब तक उनका पता नहीं चल जाता, तब तक अभियान जारी रहेगा। नगर आयुक्त ने भी परिजनों से बातचीत कर उन्हें धैर्य रखने की अपील की और बताया कि विशेषज्ञ गोताखोरों के साथ-साथ अतिरिक्त कर्मचारियों की भी लगातार मदद ली जा रही है।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम सहित नगर निगम के अनेक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने अभियान की निगरानी की और संबंधित टीमों से सर्च ऑपरेशन की प्रगति की जानकारी ली। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि पूरे अभियान की लगातार समीक्षा की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन भी लगाए जाएंगे, ताकि गंगा देवी का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *