गांवों और कस्बों में जलभराव की समस्या पर सांसद राजकुमार चाहर ने जिलाधिकारी को लिखा पत्र

Press Release उत्तर प्रदेश

जल निकासी, सड़कों की मरम्मत एवं स्थायी समाधान के लिए दिए निर्देश

आगरा। फतेहपुर सीकरी लोकसभा के सांसद राजकुमार चाहर ने आगरा जनपद के गांव-गांव बस्तियों व नगर पंचायत व नगर पालिको तथा शहर आगरा से लगी कॉलोनियों एवं सड़को एवं आम रास्ते में वर्षा के कारण उत्पन्न जलभराव की गंभीर समस्या को लेकर जिलाधिकारी आगरा को पत्र लिखकर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
सांसद श्री चाहर ने अपने पत्र में कहा है कि वर्षा ऋतु के दौरान जनपद के अनेक गांवों, बस्तियों, नगर पंचायतों तथा नगर निगम क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। सड़कों और गलियों में पानी भर जाने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है तथा लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से स्कूली बच्चों को विद्यालय आने-जाने में कठिनाई हो रही है। कई स्थानों पर जलभराव के कारण दुर्घटनाएं भी घटित हुई हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण युवाओं द्वारा सोशल मीडिया एवं समाचार पत्रों के माध्यम से लगातार जलभराव, टूटी सड़कों तथा जल निकासी की समस्याओं को उठाया जा रहा है। अनेक गांवों में तालाबों और पोखरों की जल धारण क्षमता कम होने तथा उचित जल निकासी व्यवस्था के अभाव में स्थिति और गंभीर हो गई है।
सांसद राजकुमार चाहर ने जिलाधिकारी से मांग की है कि तहसील, विकास खंड, ग्राम पंचायत, लोक निर्माण विभाग, जिला पंचायत तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपते हुए समस्या के समाधान के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी से भी ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर समस्याओं का चिन्हांकन कराने तथा उनके त्वरित एवं स्थायी समाधान के निर्देश दिए जाने की मांग की है।

सांसद ने कहा कि जल निकासी हेतु नालियों का निर्माण, क्षतिग्रस्त सड़कों एवं खड़ंजों की मरम्मत, सी.सी. सड़क निर्माण तथा अन्य आवश्यक विकास कार्य जनहित में शीघ्र कराए जाने चाहिए, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों को राहत मिल सके।
इस संबंध में सांसद राजकुमार चाहर ने पत्र की प्रतिलिपि उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी को भी प्रेषित की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *