उत्तर प्रदेश फुटबाल की रीढ़ तलाश रहे दिग्गज फुटबालर

SPORTS उत्तर प्रदेश

आगरा के एकलव्य स्टेडियम में चल रही प्रदेशीय सब-जूनियर फुटबाल प्रतियोगिता पर सलेक्टरों की तीखी नजर

एल एस बघेल, आगरा, 9 सितंबर। उत्तर प्रदेश फुटबाल की मजबूत रीढ़ तलाश रहे हैं हमारे दिग्गज वेटरन फुटबालर। दरअसल इन दिनों आगरा में खेल निदेशालय और उप्र फुटबाल संघ के समन्वय से प्रदेशीय सब-जूनियर फुटबाल प्रतियोगिता अंडर-14 का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें हमारे प्रांत के सभी 18 मंडलों और दो स्पोर्ट्स कालेज लखनऊ व सैफई की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें से प्रदेश की सर्वश्रेष्ठ टीम का चयन करने के लिये चयनकर्ता के रूप में अपने समय के जाने माने दिग्गज फुटबालर मिर्जा शमीम बेग (एम एस बेग) सुल्तानपुर, ललित पंत मेरठ,अनीस अहमद फतेहपुर और मेजबान आगरा के बिल्लू चौहान आगरा के एकलव्य स्टेडियम में जमे हुए हैं।
इनकी नजरें उस नर्सरी पर जमी हुई हैं, जिनमें से प्रदेश के लिये श्रेष्ठ भावीं फुटबालर छांटने हैं। पहले कैंप के लिये 25 अच्छे फुटबालर छांटे जाएंगे। इसके पश्चात उनमें 16 खिलाड़ियों की टीम चुननी है, जो कि नेशनल सब- जूनियर फुटबाल प्रतियोगिता में जाकर प्रदेश का नाम रोशन कर सके। हाल ही में बेंगलूर में हुई नेशनल प्रतियोगिता में यूपी की बालिकाएं सेमीफाइनल तक खेलकर लौटी हैं। अब चयनकर्ताओं का उद्देश्य बालिकाओं से भी बेहतर टीम का चयन कर नेशनल में खिलाना ही नहीं है बल्कि उनको चैंपियन बनाकर लाना है। जिससे कि एक बार नेशनल लेबल पर उत्तर प्रदेश का झंडा बुलंद हो सके। इसके पश्चात अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रयास किये जाएंगे। उत्तर प्रदेश फुटबाल संघ के महासचिव मो. शाहिद के साथ ही उप्र सरकार का खेल विभाग भी इन खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं तथा खानपान उपलब्ध करा रहा है। खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था इस बार काफी बढ़िया की गयी है। भोजन व्यवस्था भी खिलाड़ियों के लिये अच्छी की जा रही है। खिलाड़ियों की डायट पर पूरा ध्यान आयोजकों द्वारा दिया जा रहा है।
आगरा में चल रही प्रदेशीय सब-जूनियर फुटबाल प्रतियोगिता के मैच कमिश्नर कानपुर के अजित सिंह हैं। आयोजन सचिव बिल्लू चौहान ने बताया कि टूर्नामेंट में फाइनल समेत 47 मैच खेले जाएंगे। 11 सितंबर तक लीग मैच होंगे।इसके पश्चात नाक आउट मुकाबले होंगे। टूर्नामेंट में सही निर्णय देने के लिये अंतरराष्ट्रीय रैफरी कानपुर के देवोजीत यादव भी बुलाये गये हैं। इनके अलावा मनीष चंद बरेली, राशिद अहमद कानपुर, एम डी खान गाजीपुर, सौरव कुमार गोरखपुर, हाजी मुनब्बर मऊ, अयूब साहब बहराइच, नवनीत गौतम सुल्तानपुर,मनोज तिवारी लखीमपुर,कौशल किशोर शाहजहांपुर के अलावा बब्बर खान और अजय कुमार आगरा नियुक्त किये गये हैं।
टूर्नामेंट के पश्चात इनका शिविर संभवतः आगरा में ही लगेगा। इसके पश्चात टीम सब-जूनियर नेशनल खेलने के लिये जाएगी। यह नेशनल संभवतः दस अक्टूबर से होगा। टूर्नामेंट से संभावितों के चयन में खेल के साथ ही खिलाड़ियों की आयु पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *