आगरा, दिनांक 07 अक्टूबर 2026। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा के तत्वावधान में आज पंकज कुमार-I, सचिव पूर्णकालिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा द्वारा केंद्रीय कारागार, आगरा का निरीक्षण किया गया तथा निरुद्ध बंदियों के लिए विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा केंद्रीय कारागार में निरुद्ध बंदियों के दांतों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। इस अवसर पर बंदियों के स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी भी प्राप्त की गई।
सचिव द्वारा केंद्रीय कारागार की पाकशाला एवं चिकित्सा वार्ड का निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही भोजन एवं चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया गया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
इसके साथ ही आयोजित विधिक जागरूकता कार्यक्रम में निरुद्ध बंदियों को उनके विधिक अधिकारों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के अधिकार, अधिवक्ता उपलब्ध कराने की व्यवस्था, जमानत संबंधी प्रावधान तथा न्यायिक प्रक्रिया के संबंध में जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर अथवा अधिवक्ता करने में असमर्थ बंदी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान संतोष कुमार, जेलर, केंद्रीय कारागार आगरा, डॉ. पीयूष जैन, डिप्टी सीएमओ, आगरा, स्वास्थ्य विभाग के दंत चिकित्सकगण तथा उपकारापाल सहित कारागार प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
श्री पंकज कुमार-I द्वारा बंदियों से उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बंदी को अपने विधिक अधिकारों की जानकारी होना आवश्यक है, ताकि वह न्याय की प्रक्रिया में अपने अधिकारों का प्रभावी रूप से उपयोग कर सके।


