कबाड़ से जुगाड़ से बच्चों ने सीखा कचरे का सदुपयोग

Press Release उत्तर प्रदेश

—– पुरानी वस्तुओं को नया रूप देकर दिया स्वच्छता का संदेश

आगरा। कचरे को बेकार समझकर फेंकने के बजाय उसका रचनात्मक इस्तेमाल किया जाए तो उसे उपयोगी संसाधन में बदला जा सकता है। इसी संदेश के साथ नगर निगम और सहयोगी संस्था म्यूस फाउंडेशन की ओर से स्वच्छ भारत मिशन एवं स्वच्छता ही सेवा 2026 के तहत बुधवार को हरीपर्वत जोन के वार्ड 81 स्थित ऐंग्लो इंडियन हायर सेकेंडरी स्कूल, हलवाई की बगीची कॉलोनी में ‘कबाड़ से जुगाड़’ कार्यक्रम आयोजित किया गया ।
इस दौरान विद्यार्थियों को अनुपयोगी और कबाड़ सामग्री के रचनात्मक इस्तेमाल के तरीके बताए गए। पुरानी वस्तुओं से उपयोगी और आकर्षक चीजें तैयार करने के माध्यम से उन्हें रिड्यूज ,रीयूज और रीसायकल का महत्व समझाया गया। टीम ने बताया कि थोड़ी सी रचनात्मक सोच के साथ ऐसी कई वस्तुओं का दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है, जिन्हें आमतौर पर कचरा मानकर फेंक दिया जाता है।
विद्यार्थियों को कचरे को कम करने, उपयोगी वस्तुओं का पुन: इस्तेमाल करने और रीसाइकिल होने वाली सामग्री को अलग रखने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान कबाड़ को फेंके नहीं, उपयोगी बनाएं’ और ‘पुरानी चीजों में नई सोच, स्वच्छता की ओर एक कदम’ का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य रोहित शर्मा, जोनल इंचार्ज गुलफाम अंसारी, नगर निगम की टीम तथा म्यूस फाउंडेशन के सदस्य पंकेश सागर, सौरवेन्द्र कुमार और विकास आदि मौजूद रहे। टीम ने विद्यार्थियों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *