सेवला चुंगी पर अवैध कार वॉशिंग सेंटर ध्वस्त, नगर निगम की सख्त कार्रवाई

Press Release उत्तर प्रदेश

—- नाले पर दीवार खड़ी कर किया जा रहा था निर्माण, टास्क फोर्स ने की कार्रवाई

आगरा। नगर निगम टास्क फोर्स ने शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सेवला चुंगी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। टीम ने नाले पर दीवार खड़ी कर अवैध रूप से बनाए जा रहे कार वॉशिंग सेंटर को मौके पर ही ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा और स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
सेवला चुंगी के पास नाले पर अतिक्रमण कर कार वॉशिंग सेंटर का निर्माण किया जा रहा था। यह निर्माण पूरी तरह अवैध था और इसके लिए नगर निगम प्रशासन से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी। नाले पर दीवार खड़ी कर स्थायी ढांचा तैयार किया जा रहा था, जिससे जल निकासी व्यवस्था बाधित होने की आशंका थी।
नगर निगम को अवैध निर्माण की सूचना मिलने पर टास्क फोर्स तत्काल मौके पर पहुंची और बिना देरी किए निर्माण को ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान निर्माण कार्य में लगे मिस्त्री और मजदूरों से जब निर्माण कराने वाले व्यक्ति के बारे में पूछताछ की गई तो वे कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि नालों पर अतिक्रमण और अवैध निर्माण शहर की जल निकासी व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा हैं, खासकर बरसात के मौसम को देखते हुए ऐसे मामलों में सख्ती जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। नगर निगम ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले संबंधित विभाग से अनुमति अवश्य लें, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, शहर को अतिक्रमण मुक्त और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए नागरिकों से सहयोग की भी अपेक्षा की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *