—- औचक कार्रवाई से मचा हड़कंप, टास्क फोर्स की सख्ती के आगे काम न आया विरोध
आगरा। नगर निगम प्रशासन ने शनिवार को अवैध होर्डिंग और बैनर के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान दर्जनों अवैध होर्डिंग, झंडे, बोर्ड और बैनर जब्त कर लिए गए। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कई कारोबारियों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। इस दौरान 43895 रुपये का विज्ञापन शुल्क भी वसूला गया।
अभियान अर्जुन नगर, खेरिया मोड़, मधु नगर से लेकर सेवला चुंगी तक चलाया गया। नगर निगम की टास्क फोर्स ने सड़क किनारे, बिजली के खंभों और सार्वजनिक स्थलों पर बिना अनुमति लगाए गए होर्डिंग और बैनरों को हटाते हुए जब्ती की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान कुछ कारोबारियों ने विरोध करने का प्रयास भी किया, लेकिन निगम टीम की सख्ती के आगे उनकी एक नहीं चली। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का विज्ञापन सामग्री लगाना नियमों का उल्लंघन है और इसके खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान का नेतृत्व राजस्व निरीक्षक शिप्रा गुप्ता ने किया। उन्होंने बताया कि शहर को व्यवस्थित और सौंदर्यपूर्ण बनाए रखने के लिए अवैध होर्डिंग हटाना जरूरी है। साथ ही, यह भी चेतावनी दी गई कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


