मथुरा। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी. राज मोहन के निर्देशन में दिनांक 25.04.2026 को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट मथुरा जंक्शन द्वारा एक विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। सहायक सुरक्षा आयुक्त अरुण कुमार वर्मा के निर्देशन में व प्रभारी निरीक्षक रेल सुरक्षा बल मथुरा श्री उपदेश कुमार कौशिक ,उप निरीक्षक रेल सुरक्षा बल मथुरा सूरज मीना एवं हमराह स्टाफ द्वारा नरहोली पुल के नीचे रेलवे ट्रैक के पास स्थित एस.आर. पब्लिक स्कूल पहुंचकर विद्यार्थियों के मध्य जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को रेलवे सुरक्षा, स्वच्छता, यात्री सुरक्षा एवं सामाजिक अपराधों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को निम्नलिखित महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई—
स्टोन पेल्टिंग (पत्थरबाजी) के दुष्परिणाम
विद्यार्थियों को बताया गया कि चलती ट्रेनों पर पत्थर फेंकना अथवा रेलवे ट्रैक पर गिट्टी रखना एक गंभीर अपराध है, जिससे यात्रियों की जान को खतरा उत्पन्न हो सकता है तथा रेलवे को राजस्व हानि होती है। इसके कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।
रेलवे ट्रैक पार न करने एवं स्वच्छता का महत्व
छात्रों को रेलवे ट्रैक पार न करने, स्टेशन परिसर एवं ट्रैक के आसपास गंदगी न फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें स्वच्छता के महत्व से अवगत कराते हुए रेलवे परिसर को साफ-सुथरा बनाए रखने का संदेश दिया गया।
चाइल्ड ट्रैफिकिंग (बाल तस्करी) के प्रति जागरूकता
बच्चों को मानव एवं बाल तस्करी के खतरों के बारे में बताया गया तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत रेल मदद 139, रेलवे सुरक्षा बल अथवा संबंधित अधिकारियों को देने के लिए प्रेरित किया गया।
जहरखुरानी से बचाव के उपाय
यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत विद्यार्थियों को समझाया गया कि यात्रा के दौरान किसी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तुएं स्वीकार न करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु की सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें।
यात्री सामान की सुरक्षा एवं ज्वलनशील पदार्थों पर रोक
यात्री सामान की चोरी की घटनाओं से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई तथा स्टेशन परिसर में ज्वलनशील पदार्थ न ले जाने के संबंध में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा जागरूकता संदेशों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं आरपीएफ स्टाफ भी उपस्थित रहे।


