छात्राओं ने ‘वेस्ट टू वंडर’ में दिखाया हुनर

Press Release उत्तर प्रदेश

—– नगर निगम की पहल: वार्ड 100 में छात्राओं ने बेकार सामग्री से बनाई उपयोगी सजावटी वस्तुएं

आगरा। आगरा नगर निगम के जोन छत्ता अंतर्गत वार्ड संख्या सौ नाई की मंडी के सुभाष पार्क रोड स्थित सरस्वती शिशु बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में ‘वेस्ट टू वंडर’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में रचनात्मकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ कचरे के पुनः उपयोग (रीसाइक्लिंग) के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
आगरा नगर निगम की सहयोगी संस्था म्यूज स्टडी एजुकेशन सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने बेकार एवं अनुपयोगी सामग्री जैसे प्लास्टिक, कागज, कपड़े के टुकड़े, कार्डबोर्ड आदि का उपयोग कर घर की दीवारों को सजाने के लिए आकर्षक और उपयोगी वस्तुएं तैयार कीं। उनके द्वारा बनाए गए उत्पादों में कलात्मकता, नवाचार और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर समन्वय देखने को मिला। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं को यह संदेश दिया गया कि कचरा केवल फेंकने की वस्तु नहीं, बल्कि सही सोच और प्रयास से उसे उपयोगी एवं सुंदर चीजों में बदला जा सकता है। कार्यक्रम ने छात्राओं में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और रचनात्मक सोच के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का कार्य किया।
इस अवसर पर म्यूज स्टडी एजुकेशन सोसायटी की टीम के सदस्य यासर मुकीम, माखन, रिंकू और अन्नू कुमारी उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों में न केवल रचनात्मकता बढ़ाती हैं, बल्कि उन्हें पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए भी प्रेरित करती हैं।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रोत्साहित किया गया और सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई। नगर निगम द्वारा इस तरह की गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता और पुनर्चक्रण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *