
—– गर्मी के प्रकोप पर नगर प्रशासन सतर्क, शहरभर में डिजिटल माध्यमों से चेतावनी संदेश प्रसारित
आगरा। बढ़ती गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए नगर प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। हीट वेव एक्शन प्लान के अंतर्गत स्मार्ट सिटी परियोजना के पीए (पब्लिक एड्रेस) सिस्टम और डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड्स के माध्यम से नागरिकों को लगातार सतर्क और जागरूक किया जा रहा है।
शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर लगे पीए सिस्टम के जरिए समय-समय पर गर्मी और हीट वेव से बचाव के उपायों का प्रसारण किया जा रहा है। वहीं, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड्स पर भी जरूरी संदेश, सावधानियां और स्वास्थ्य संबंधी सुझाव प्रदर्शित किए जा रहे हैं, जिससे आमजन आसानी से जानकारी प्राप्त कर सकें। अभियान के तहत लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलने, अधिक से अधिक पानी पीने, हल्के और ढीले कपड़े पहनने, तथा सिर को ढककर रखने की सलाह दी जा रही है। साथ ही बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी टीम के डाटा आफीसर सौरभ अग्रवाल अनुसार यह पहल शहरवासियों को हीट वेव के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से की जा रही है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना को देखते हुए यह जागरूकता अभियान और तेज किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि समय रहते सही जानकारी और सतर्कता अपनाकर हीट वेव के खतरों को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से तकनीक का सहारा लेकर अधिक से अधिक लोगों तक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।


