आंधी-तूफान एवं बेमौसम वर्षा से औद्यानिक फसलों को हुए नुकसान पर किसानों को मिलेगा मुआवजा

Press Release उत्तर प्रदेश

बीमित एवं प्रभावित किसानों को क्षतिपूर्ति दिलाने की होगी कार्यवाही

आगरा 16/05/2026/ जिला उद्यान अधिकारी ने अवगत कराया है कि जनपद में औद्यानिक फसलों का उत्पादन करने वाले कृषकों को सूचित किया जाता है कि मई 2026 में आई मौसमी घटनाओं जैसे आंधी-तूफान, बेमौसम वर्षा एवं अत्यधिक तापमान आदि से औद्यानिक फसलों को हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति हेतु किसान अपने आवेदन/सूचना कार्यालय जिला उद्यान अधिकारी, संजय पैलेस, आगरा में प्रस्तुत कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि मौसम आधारित फसल बीमा योजना के अंतर्गत अधिसूचित फसलों में मौसमी आपदाओं के कारण हुई क्षति की भरपाई बीमित कृषकों को प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त राज्य आपदा मोचक निधि से जिलाधिकारी महोदय के समन्वय एवं संस्तुति के आधार पर किसानों को उचित मुआवजा दिलाए जाने की कार्यवाही भी की जाएगी।
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि औद्यानिक फसलों में हुई क्षति की सूचना प्राप्त होने पर राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सत्यापन कराया जाएगा, जिसके उपरांत नुकसान का आकलन कर मुआवजा निर्धारित किया जाएगा। और अधिक जानकारी के लिए किसान किसी भी कार्य दिवस में जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, आगरा से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *