आगरा कैंट स्टेशन पर स्टेशन राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित
आगरा मंडल के आगरा कैंट स्टेशन पर आज दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को स्टेशन राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता स्टेशन निदेशक संतोष त्रिपाठी ने की।
बैठक में 30 सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही के दौरान आगरा कैंट स्टेशन पर हिंदी में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई तथा राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा एवं विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर स्टेशन निदेशक संतोष त्रिपाठी ने आगरा कैंट स्टेशन पर स्थित विभिन्न कार्यालयों के अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों को सरकारी कामकाज में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों को हिंदी में संपादित करने तथा राजभाषा संबंधी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक का उद्देश्य रेलवे कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना तथा दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन को सुनिश्चित करना रहा।


