लखनपुर नाले की सफाई न होने से शास्त्री पुरम में जलभराव का संकट गहराया

Press Release उत्तर प्रदेश

—– नाले की तली झाड़ सफाई के लिए नगर आयुक्त ने जिला पंचायत राज अधिकारी को लिखा पत्र

—– 50 हजार की आबादी और औद्योगिक क्षेत्र पर भारी जलभराव का खतरा

आगरा। वर्षा ऋतु में शास्त्रीपुरम आवासीय क्षेत्र और वहां के औद्योगिक क्षेत्र को गंभीर जलभराव के संकट से बचाने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने इस संबंध में जिला पंचायत राज अधिकार को पत्र लिखकर चेतावनी दी है कि यदि ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम लखनपुर स्थित मुख्य नाले की तत्काल ‘तलीझाड़’ (गहरी) सफाई नहीं कराई गई, तो इस बार वर्षा ऋतु में शास्त्रीपुरम क्षेत्र में व्यापक तबाही और जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है। इस संबंध में जिलाधिकारी और सी डीओ को भी पत्र लिखकर अवगत कराया गया है।

—- 50 हजार की आबादी और फैक्ट्रियों पर संकट

नगर आयुक्त ने मामले की गंभीरता को रेखांकित करते हुए कहा कि शास्त्रीपुरम आवासीय क्षेत्र में लगभग 50,000 से अधिक नागरिक निवास करते हैं। इसके अलावा, शास्त्रीपुरम औद्योगिक क्षेत्र में अनेक छोटी-बड़ी औद्योगिक इकाइयाँ (फैक्ट्रियाँ) संचालित हैं। यदि लखनपुर नाले की समयबद्ध सफाई नहीं होती है, तो दोनों क्षेत्रों में गंभीर जलभराव होना तय है। इससे न केवल आम जनजीवन और आवागमन ठप होगा, बल्कि औद्योगिक गतिविधियाँ रुकने से भारी आर्थिक नुकसान भी हो सकता है। साथ ही, क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था ध्वस्त होने और महामारी (सार्वजनिक स्वास्थ्य संकट) फैलने का भी प्रबल अंदेशा है।

—- नगर निगम ने अपना काम किया पूरा, लखनपुर में फंसा पेंच

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि नगर निगम के क्षेत्राधिकार में आने वाले वार्ड संख्या-71 और वार्ड संख्या-90 के सभी छोटे-बड़े नालों का पानी शास्त्रीपुरम इंडस्ट्रियल नाले से होते हुए अंत में ग्राम लखनपुर के मुख्य नाले में जाकर गिरता है।
क्षेत्रीय जेड०एस०ओ० और सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम के निरीक्षण के बाद यह सामने आया है कि नगर निगम ने अपने कोटे के सभी नालों की तलीझाड़ सफाई का काम पूरा कर लिया है। साथ ही इंडस्ट्रियल नाले की सफाई के लिए भी संबंधित प्राधिकारी से अनुरोध किया जा चुका है। लेकिन, सबसे बड़ा पेंच ग्राम लखनपुर के मुख्य नाले पर फंसा है, जो जिला पंचायत के अंतर्गत आता है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि इस नाले की सफाई अभी तक शुरू भी नहीं हो सकी है।

—- वहन क्षमता प्रभावित, पानी बैक मारने का खतरा

इस संबंध में जानकारी देते हुए नगर आयुक्त ने बताया कि सिल्ट (कीचड़) जमा होने के कारण लखनपुर नाले की जल वहन क्षमता बेहद कम हो चुकी है। ऐसे में जब मानसून की भारी बारिश होगी, तो शास्त्रीपुरम क्षेत्र का पानी आगे नहीं निकल पाएगा और बैक मार जाएगा, जिससे पूरा इलाका जलमग्न हो जाएगा।

—- ‘सर्वोच्च प्राथमिकता’ पर काम करने के निर्देश, 7 दिन का अल्टीमेटम

जनहित और संभावित आपदा की रोकथाम को देखते हुए नगर आयुक्त ने जिला पंचायत राज अधिकारी से अपेक्षा की है कि वे लखनपुर नाले की सफाई का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर तत्काल शुरू कराएं। इसके साथ ही, उन्होंने इस संबंध में की गई त्वरित कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट (आख्या) 7 दिनों के भीतर नगर निगम को उपलब्ध कराने का कड़ा निर्देश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *