—- रामबाग से वाटर वर्क्स होते हुए सुल्तान गंज पुलिया तक चला अभियान, सड़क पर रखे पेड़-पौधे जब्त
आगरा। शहर में फुटपाथों और सड़कों पर अवैध रूप से नर्सरी लगाकर पेड़-पौधों की बिक्री करने वालों के खिलाफ नगर निगम की टास्क फोर्स ने अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की। रामबाग चौराहे से वाटर वर्क्स होते हुए सुल्तान गंज पुलिया तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान फुटपाथ और सड़क किनारे अतिक्रमण कर कारोबार कर रहे दुकानदारों से हजारों रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि सड़क पर रखे गए बड़ी संख्या में पेड़-पौधों को जब्त कर लिया गया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार फुटपाथों पर नर्सरी लगाकर किए जा रहे अवैध कब्जों के कारण राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसके अलावा मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। नागरिकों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नगर निगम टास्क फोर्स ने कार्रवाई का निर्णय लिया।
अभियान के दौरान टीम ने वाटर वर्क्स चौराहे से रामबाग चौराहे तक सड़क और फुटपाथों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर दुकानदारों द्वारा फुटपाथ पर गमले, पेड़-पौधे और अन्य सामग्री रखकर कब्जा किया गया था। नगर निगम कर्मियों ने मौके पर ही अतिक्रमण हटवाते हुए संबंधित कारोबारियों पर जुर्माना लगाया तथा सड़क पर रखे गए पौधों और अन्य सामग्री को जब्त कर लिया।
अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र में कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया। कई दुकानदार कार्रवाई की सूचना मिलते ही अपना सामान हटाते नजर आए, जबकि कुछ स्थानों पर नगर निगम की टीम को सख्ती भी करनी पड़ी।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि फुटपाथ और सार्वजनिक स्थान आम नागरिकों की सुविधा के लिए होते हैं। इन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना एवं जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।


