
सीएम ग्रिड परियोजना वाले क्षेत्रों का निरीक्षण, तीन दर्जन से अधिक स्थानों पर पंप लगाकर जल निकासी
आगरा। सोमवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई। बारिश के कारण मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (सीएम ग्रिड) योजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों वाले इलाकों में जलभराव तथा कुछ स्थानों पर सड़क धंसने की शिकायतें सामने आईं। स्थिति का जायजा लेने के लिए मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप , नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने मंगलवार को विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को तत्काल राहत एवं मरम्मत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने ताजगंज क्षेत्र में सी एम ग्रिड के कामों का निरीक्षण करते हुए कहा कि बारिश के कारण जहां-जहां सीएम ग्रिड परियोजना के तहत विकास कार्य प्रभावित हुए हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराई जाए। जिन स्थानों पर सड़क धंसने से गड्ढे बन गए हैं, उन्हें तत्काल भरकर यातायात के लिए सुरक्षित बनाया जाए। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों में पंप लगाकर शीघ्र जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव तथा अवर अभियंता कृष्ण गोपाल भी मौजूद रहे।
—— तीन दर्जन से अधिक स्थानों पर जल निकासी की व्यवस्था —–
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि नगर निगम द्वारा जलभराव की समस्या से निपटने के लिए शहर के तीन दर्जन से अधिक संवेदनशील स्थानों पर पंप लगाकर पानी निकासी का कार्य कराया जा रहा है। जिन क्षेत्रों में पंपों की व्यवस्था की गई है उनमें आवास विकास, प्रकाश नगर पुलिया, शास्त्रीपुरम, शिवनगर, श्रीपुरा, कंचन विहार, भीमनगर, बूढ़ी का नगला, शारदा विहार, टेढ़ी बगिया सौ फुटा रोड, उखरा, नगला मेवाती, शाहदरा चुंगी, ख्वासपुरा, सौहल्ला श्रीपुरा और नगला परसोती सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं। नगर निगम की टीमें लगातार प्रभावित इलाकों में निगरानी कर रही हैं और जल निकासी के साथ-साथ क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य भी कराया जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि अधिकांश स्थानों पर जलभराव की स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है।
वर्जन——
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा, कि “भारी बारिश के बाद जिन क्षेत्रों में जलभराव या सड़क धंसने की समस्या सामने आई है, वहां नगर निगम की टीमें युद्धस्तर पर कार्य कर रही हैं। सीएम ग्रिड परियोजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जल निकासी और सड़क मरम्मत के कार्य प्राथमिकता के आधार पर तत्काल पूर्ण कराए जाएं, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।”


