
आगरा ।आज दिनांक 31.05.2026 को मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं श्री बी.के. अश्विना, केन्द्र प्रभारी एवं सब-जोन सचिव, सह-प्रभारी ब्रह्माकुमारीज, आगरा के नेतृत्व में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर अन्तर्राष्ट्रीय सामाजिक एवं आध्यात्मिक शैक्षणिक संस्थान प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के राजयोग शिक्षा एवं शोध प्रतिष्ठान के चिकित्सा सेवा प्रभाग द्वारा आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के प्रवेश परिसर में व्यसनमुक्ति चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्टेशन निदेशक आगरा श्री संतोष कुमार त्रिपाठी एवं ब्रह्माकुमारी संस्था के सदस्यों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे तक आयोजित इस जन-जागरूकता कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमारी संस्था के ईदगाह सेवा केन्द्र द्वारा किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से तंबाकू एवं अन्य नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी आमजन को दी गई तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं कम्युनिटी रेडियो स्टेशन के संयुक्त तत्वाधान में किया गया है l
संस्था द्वारा समय-समय पर व्यसनमुक्ति जागरूकता अभियान, चित्र प्रदर्शनी एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम निःशुल्क आयोजित किए जाते हैं, जिनमें विशेषज्ञ चिकित्सकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाती है। कार्यक्रम के दौरान योग्य चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क परामर्श एवं सुरक्षित औषधियों का वितरण भी किया गया।
ब्रह्माकुमारी संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि विगत अनेक वर्षों से विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर आगरा कैंट रेलवे स्टेशन परिसर में इस प्रकार की प्रदर्शनी का आयोजन कर यात्रियों एवं आमजन को नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
कार्यक्रम में स्टेशन निदेशक श्री संतोष कुमार त्रिपाठी, ब्रह्माकुमारी संस्था के वरिष्ठ सदस्य, मुख्य प्रचारक निरीक्षक आगरा श्री मोहन मीना, कम्युनिटी रेडियो स्टेशन से सुश्री राखी त्यागी , कर्मचारियों, यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। संस्था ने रेलवे प्रशासन द्वारा प्रदान किए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।


