
मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल आगरा श्री पी. राज मोहन के निर्देशन में रेलवे सुरक्षा बल मथुरा द्वारा भूतेश्वर–वृंदावन रोड स्टेशनों के मध्य किलोमीटर संख्या 1400/01-02 के निकट स्थित गोविंद नगर, लक्ष्मी नगर एवं रामनगर कॉलोनियों में रेल सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
अभियान का उद्देश्य रेलगाड़ियों पर होने वाली स्टोन पेल्टिंग (पत्थरबाजी), रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत आवागमन (ट्रेसपासिंग) तथा बिना उचित कारण के चेन पुलिंग जैसी घटनाओं की रोकथाम करना था। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, महिलाओं एवं बच्चों ने भाग लिया।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री पी. राज मोहन ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए रेलगाड़ियों पर पत्थरबाजी न करने, रेलवे ट्रैक को अनधिकृत रूप से पार न करने तथा अनावश्यक चेन पुलिंग से बचने की अपील की। उन्होंने बताया कि ऐसी गतिविधियां न केवल रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि यात्रियों एवं रेल संचालन की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करती हैं।
कार्यक्रम के दौरान कॉलोनीवासियों की समस्याओं को भी सुना गया। साथ ही जन्मभूमि पुल एवं रेलवे क्षेत्र के आसपास ड्रोन कैमरे के माध्यम से निगरानी एवं फुटेज संकलित किए गए। रेलवे सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से रेल लाइन के आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपायों की समीक्षा भी की गई।
इस अवसर पर निरीक्षक रेलवे सुरक्षा बल मथुरा श्री यू.के. कौशिक अपने स्टाफ सहित उपस्थित रहे। रेलवे सुरक्षा बल ने नागरिकों से रेलवे सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे प्रशासन को देने की अपील की।


