फतेहाबाद रोड पर कोयला भट्ठी पकड़ी, रेस्टोरेंट पर 12 हजार का जुर्माना

Press Release उत्तर प्रदेश

—- एनजीटी के नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, नगर निगम टीम ने भट्ठी कराई नष्ट

आगरा। वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और एनजीटी के नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने शहर में कोयला एवं अन्य प्रदूषणकारी ईंधन से संचालित भट्ठियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को नगर निगम अधिकारियों की टीम ने टास्कफोर्स के साथ फतेहाबाद रोड क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान जाहिद फूड रेस्टोरेंट में कोयले से संचालित भट्ठी पकड़ी गई। टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए संचालक पर 12 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और कोयला संचालित भट्ठी को नष्ट करा दिया।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक शहर में वायु गुणवत्ता को बेहतर बनाए रखने के लिए प्रदूषण फैलाने वाले स्रोतों पर लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में अधिकारियों की टीम टास्कफोर्स के साथ विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिष्ठानों और व्यावसायिक गतिविधियों की जांच कर रही थी। फतेहाबाद रोड पर निरीक्षण के दौरान जाहिद फूड रेस्टोरेंट में कोयले से भट्ठी संचालित होती मिली। टीम ने मौके पर ही रेस्टोरेंट संचालक को एनजीटी के दिशा-निर्देशों और प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
अधिकारियों ने बताया कि कोयले से संचालित भट्ठियों से धुआं निकलने के कारण स्थानीय स्तर पर वायु प्रदूषण बढ़ता है। ऐसे में निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नगर निगम द्वारा कार्रवाई की जा रही है। टीम ने मौके पर भट्ठी को नष्ट कराने के साथ ही 12 हजार रुपये का अर्थदंड वसूल किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में दोबारा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान प्रभारी जेडएसओ राजीव बालियान, एसएफआई मलखान सिंह सहित नगर निगम की टास्कफोर्स टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने क्षेत्र में अन्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की और संचालकों को प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा है कि शहर की वायु गुणवत्ता बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। एनजीटी और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कोयला या अन्य प्रदूषणकारी ईंधन से भट्ठी संचालित करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां जुर्माने के साथ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *