गंदगी और अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों है 7,500 रुपये जुर्माना वसूला
आगरा। शहर में स्वच्छता और सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने सोमवार को व्यापक अभियान चलाया। बल्केश्वर थाने के पास स्थित चांदनी चौक मार्केट में निगम की टीम पहुंचते ही अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई से घबराकर कई दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों के शटर गिराकर मौके से निकल गए।
नगर निगम टास्क फोर्स ने मौके पर फुटपाथ पर अवैध रूप से लगाई गई बांस-बल्लियां, दुकानों के आगे डाले गए टिन शेड और तिरपालों को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही दुकानों के सामने रखे गए कई तख्तों को भी जब्त किया गया। इस दौरान पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
अभियान केवल चांदनी चौक तक सीमित नहीं रहा। निगम की टीम ने कोठी मीना बाजार मैदान से लेकर लोहा मंडी थाने तक सड़कों के किनारे लगे ठेल-धकेल और अस्थायी काउंटरों को भी हटवाया। इस कार्रवाई का उद्देश्य नालियों की सफाई को सुचारु बनाना और यातायात में आ रही बाधाओं को दूर करना रहा।
अभियान का नेतृत्व एसएफआई रचना गुप्ता और अवर अभियंता मुकेश कुमार ने किया। अधिकारियों ने बताया कि सड़क और नालियों पर अतिक्रमण के कारण न केवल गंदगी फैलती है, बल्कि जल निकासी भी बाधित होती है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कार्रवाई के दौरान गंदगी फैलाने और अतिक्रमण करने वाले करीब एक दर्जन दुकानदारों से कुल 7,500 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में अतिक्रमण और गंदगी के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


