16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्व-गणना, नागरिक ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे अपनी जानकारी
आगरा। जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर नगर निगम प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। नगरायुक्त ने अधिकारियों को दीपावली से पहले सभी संबंधित कर्मचारियों का प्रशिक्षण पूरा कराने, पोर्टल पर लॉगिन आईडी तैयार कराने और प्रगणकों को निर्धारित एन्यूमरेशन ब्लॉक आवंटित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं, जिससे फील्ड में काम शुरू होने पर किसी तरह की परेशानी न हो। वहीं, 16 नवंबर से 30 नवंबर तक प्रस्तावित स्व-गणना प्रक्रिया के लिए नागरिकों को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
शनिवार को नगर निगम स्मार्ट सिटी कार्यालय में नगरायुक्त संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को जनगणना पोर्टल के संचालन और विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। नगर निगम के आईटी अधिकारी गौरव सिन्हा ने पोर्टल के माध्यम से किए जाने वाले कार्यों का प्रशिक्षण दिया। इसमें प्रगणकों से संबंधित कार्यवाही, हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) का विभाजन, पोर्टल पर एचएलबी को मर्ज करने और प्रगणकों को ब्लॉक आवंटित करने की प्रक्रिया समझाई गई।
—– प्रशिक्षण में शंकाओं का भी होगा समाधान
नगरायुक्त ने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में लगाए जाने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रशिक्षण दीपावली से पहले अनिवार्य रूप से पूरा करा लिया जाए। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को प्रत्येक प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दी जाए। साथ ही प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित कर उनकी शंकाओं का समाधान किया जाए, ताकि क्षेत्र में जनगणना का कार्य करते समय किसी प्रकार की तकनीकी या व्यावहारिक समस्या सामने न आए।
उन्होंने पोर्टल पर सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की लॉगिन आईडी समय से तैयार कराने के निर्देश भी दिए। प्रत्येक कर्मचारी को निर्धारित एन्यूमरेशन ब्लॉक का आवंटन सही तरीके से किया जाए, जिससे जिम्मेदारियां स्पष्ट रहें और कार्य में किसी तरह की अव्यवस्था न हो। नगरायुक्त ने कहा कि प्रशिक्षण, लॉगिन आईडी तैयार करने और ब्लॉक आवंटन समेत सभी जरूरी प्रक्रियाएं तय समयसीमा में पूरी कर ली जाएं।
—– स्व-गणना के लिए नागरिकों को करेंगे जागरूक
बैठक में स्व-गणना की प्रक्रिया को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक नागरिकों को ऑनलाइन माध्यम से स्वयं अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज करने का अवसर मिलेगा। नगरायुक्त ने निर्देश दिए कि इस सुविधा के बारे में आम लोगों को जागरूक किया जाए, जिससे अधिक से अधिक नागरिक स्वयं ऑनलाइन जानकारी दर्ज कर सकें।
उन्होंने कहा कि स्व-गणना प्रक्रिया शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी रहनी चाहिए। नागरिकों को ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने में जरूरत पड़ने पर उचित मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए संबंधित अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। नगरायुक्त ने जनगणना की तैयारियों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी कार्य समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरे करने के निर्देश दिए।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित:
अपर नगरायुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगरायुक्त श्रद्धा पांडेय, सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम, चार्ज अधिकारी (सीटीओ)शिवकुमार गौतम, जोनल अधिकारी अवधेश कुमार और गजेंद्र कुमार सहित संबंधित अन्य अधिकारी और राजस्व निरीक्षक (आरआई)।


