—– नगर आयुक्त ने रात 10:30 बजे किया औचक निरीक्षण
—- सुबह बाजार में कूड़ा दिखा तो होगी सख्त कार्रवाई
—–सफाई कर्मचारियों और सुपरवाइजरों को चेतावनी
आगरा। शहर की रात्रि सफाई व्यवस्था को परखने के लिए नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने शनिवार देर रात करीब 10:30 बजे विभिन्न प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भगवान टॉकीज, बिजलीघर, बल्केश्वर, कारगिल चौराहा, संजय प्लेस और फतेहाबाद रोड सहित कई स्थानों पर रात्रि सफाई कार्य में गंभीर लापरवाही सामने आई। अधिकांश स्थानों पर निर्धारित संख्या के मुकाबले सफाई कर्मचारी कम मिले और सफाई कार्य की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं पाई गई।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने देखा कि कई क्षेत्रों में बाजार बंद होने के बावजूद सड़कों और गलियों में कूड़ा-करकट पड़ा हुआ था। सफाई व्यवस्था में शिथिलता पर उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से नाराजगी व्यक्त की। नगर आयुक्त ने संबंधित एसएफआई जगेंद्र सिंह तथा दो सुपरवाइजरों को कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट कहा कि रात्रि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा मिली तो संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि रात्रि सफाई में तैनात सभी कर्मचारी बाजार पूरी तरह बंद होने के बाद ही सफाई कार्य प्रारंभ करें और मुख्य सड़क, गलियों तथा सार्वजनिक स्थलों की समुचित सफाई सुनिश्चित करने के बाद ही अपने कार्यस्थल से जाएं। उन्होंने कहा कि यदि सुबह के समय किसी भी बाजार क्षेत्र में कूड़ा या गंदगी पाई गई तो संबंधित क्षेत्र के कर्मचारियों और पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम द्वारा वर्तमान में शहर के 21 प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में नियमित रात्रि सफाई कराई जाती है। इनमें कमला नगर मार्केट, बिजलीघर, शिवाजी मार्केट, रावतपाड़ा, भगवान टॉकीज, संजय प्लेस, बल्केश्वर, कारगिल, फतेहाबाद रोड सहित अन्य प्रमुख बाजार शामिल हैं। इन क्षेत्रों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है, इसलिए सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित शहर नगर निगम की प्राथमिकता है। रात्रि सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नियमित निरीक्षण जारी रहेंगे तथा जहां भी लापरवाही मिलेगी, वहां जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक बाजार में सफाई की वास्तविक स्थिति की निगरानी की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि सुबह होने से पहले सभी बाजार और सड़कें पूरी तरह साफ दिखाई दें।


