विशेष अभियान में 600 ट्रैक्टर-ट्रॉली सिल्ट निकाली गई

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा । मानसून से पहले शहर को जलभराव की समस्या से बचाने के लिए नगर निगम ने रविवार को विशेष सिल्ट उठान अभियान चलाया। अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नालों और बड़े नालों की सफाई कर भारी मात्रा में जमा सिल्ट को निकालकर उसका निस्तारण कराया गया। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार एक दिन के इस विशेष अभियान में करीब 600 ट्रैक्टर-ट्रॉली सिल्ट उठाई गई।
अभियान के दौरान सदर भट्टी, पागलखाना उसावर, बूढ़ी का नगला से नगला हवेली तक, पाकटोला ताजगंज, नौबस्ता शाहगंज, मनोहरपुर कमलानगर, नाला परपरी नगला पड़ी, जगदीशपुरा रोड स्थित बैनारा मैदान तथा नगला छऊआ शाहगंज सहित कई प्रमुख स्थानों पर सफाई और सिल्ट उठान का कार्य कराया गया। बड़ी संख्या में कर्मचारियों, मशीनों और वाहनों को अभियान में लगाया गया, जिससे नालों में जमा गाद को तेजी से हटाया जा सके।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने अभियान का निरीक्षण करते हुए सफाई कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि नगर आयुक्त द्वारा 15 जून तक नाला सफाई कार्य पूर्ण करने की डेडलाइन निर्धारित की गई है, जिसके अनुपालन में सभी जोनों में विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निकाली गई सिल्ट का तत्काल उठान कराया जाए ताकि दोबारा वह नालों में न पहुंच सके। बरसात शुरू होने से पहले शहर के प्रमुख नालों, नालियों और जल निकासी मार्गों की सफाई पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए प्रतिदिन सफाई और सिल्ट उठान कार्यों की निगरानी की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि अभियान पूरा होने के बाद जल निकासी व्यवस्था में सुधार होगा और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा। नगर निगम आने वाले दिनों में भी इसी प्रकार विशेष अभियान चलाकर शेष क्षेत्रों में सफाई और सिल्ट उठान कार्य जारी रखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *